कुनकुरी डेम हादसा : 20 घंटे तक गहराई में तलाशता रहा प्रशासन, आखिर एसडीआरएफ ने डेम से निकाला युवक का शव

कुनकुरी : नगर के छठ घाट डेम में डूबे युवक का शव करीब 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शुक्रवार दोपहर को बरामद किया गया। अम्बिकापुर से बुलाई गई एसडीआरएफ की टीम ने अथक प्रयासों के बाद युवक के शव को पानी की गहराइयों से बाहर निकाला। शव मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार, कुनकुरी नगर की पुरानी बस्ती निवासी चुनु राम गुरुवार शाम लगभग चार बजे अपने दोस्तों के साथ नहाने छठ घाट डेम गया था। कुछ देर बाद अचानक वह गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। देर रात तक चले इस अभियान में स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई, परंतु युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद प्रशिक्षित एसडीआरएफ टीम को अम्बिकापुर से बुलाया गया।

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे टीम मौके पर पहुंची और ऑक्सीजन सिलेंडरों की मदद से डेम के भीतर गोताखोरी की गई। सर्च ऑपरेशन के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे चुनु राम का शव डेम से निकाला जा सका।

मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। शव बरामद होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रशासन ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं कुनकुरी पुलिस ने आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Related posts