जशपुर में सड़क सुरक्षा पर बड़ा ऐक्शन प्लान — ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग और नियम उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई!

जशपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में जिलास्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई आयोजित

दुर्घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तत्काल पहुंचे, घायलों को मिले शीघ्र उपचार: कलेक्टर श्री व्यास

जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास की अध्यक्षता में आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी, सभी एसडीएम, एसडीओपी सहित स्वास्थ्य, आबकारी, पुलिस, यातायात एवं परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता अत्यंत आवश्यक है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करे कि किसी भी दुर्घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कि नियमानुसार लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने लर्निंग लाइसेंस निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की और इसे सतत रूप से जारी रखने को कहा। कलेक्टर ने गांवों, हाट बाजारों, स्कूलों कॉलेजों और अन्य जगहों में हेलमेट के उपयोग और यातायात के प्रति जागरुकता प्रसार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने हेतु भी निर्देशित किया। कलेक्टर ने दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में किए गए सुधारात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूरा करने के भी निर्देश दिए।

Related posts