अब ठगी नहीं चलेगी! लोखंडी में विद्यार्थियों को मिला साइबर सुरक्षा का कवच — पुलिस और यूनिसेफ की अनूठी पहल

जशपुर के लोखंडी में पुलिस प्रशासन एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सिक्योरिटी और किशोर सशक्तिकरण कार्यक्रम संपन्न

लोखंडी (जशपुर): वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन एवं यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोखंडी में साइबर सिक्योरिटी एवं किशोर सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्व पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि डिजिटल युग में ऑनलाइन ठगी, फिशिंग और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचाव के लिए जागरूक रहना आवश्यक है। उन्होंने संदेश दिया कि “सतर्कता ही सुरक्षा है, किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर विश्वास न करें।”

इस अवसर पर श्री सोनी ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उनके योगदान को याद किया और बताया कि उन्हें “भारत की एकता का प्रतीक” कहा जाता है। उपस्थित सभी विद्यार्थियों और अतिथियों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ भी ली।

कार्यक्रम में निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उपनिरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, आरक्षक प्रसन्न सिंह, सरपंच श्रीमती अनिमा एक्का, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सुगंती बुनकर, यूनिसेफ की जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता, तथा विकासखंड समन्वयक गुरुदेव प्रसाद उपस्थित रहे।

साइबर सेल टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार सोशल मीडिया, बैंकिंग ऐप्स और ऑनलाइन गेम्स के जरिए ठगी करते हैं, तथा उनसे बचाव के उपाय क्या हैं।

सुश्री शालिनी गुप्ता ने किशोर सशक्तिकरण के महत्व और बाल विवाह उन्मूलन पर चर्चा की, जबकि श्री गुरुदेव प्रसाद ने ‘पंचायत चलो अभियान’ के उद्देश्यों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बच्चों से सतर्क, जागरूक और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान किया।

Related posts