शास्त्रीय नृत्य और बैंड की धुनों ने ऐसा शमा बांधा कि लोग झूमने लगे
मलखंभ में छात्रों ने अपने सधे हुए शरीर सौष्ठव और लचीलेपन से दर्शकों को किया आश्चर्यचकित
जशपुर : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2025 के तहत 3 नवंबर को रणजीता स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल थे। इस अवसर पर कलाकारों और विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जहां मनीषा भगत द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम और सरस्वती कला केंद्र की छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति कत्थक जैसे शास्त्रीय नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं स्वप्निल बैंड और संदीप शर्मा बैंड की मधुर धुनों ने ऐसा वातावरण बनाया कि पूरा स्टेडियम तालियों की गूंज और झूमते दर्शकों से भर गया।
कार्यक्रम में भारत की पारंपरिक खेल विधा मलखंभ का शानदार प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वनवासी कल्याण आश्रम के विद्यार्थियों ने अपने सधे हुए शरीर सौष्ठव और लचीलेपन से दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। विद्यालय के 26 छात्रों ने दशरंग, फ्रंटकैच, बगली, तेड़ी, चतुराआसान, एकपाद शिरासन, बैटीकेच, पश्चिमात्सन, हाथ का फारा, पैर का फारा और पिरामिड जैसी कठिन विधाओं का प्रदर्शन कर सभी की वाहवाही लूटी।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पद्मश्री जागेश्वर यादव, कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, रायगढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, डीएफओ शशि कुमार, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, एसडीएम विश्वास राव मस्के, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, सुनील गुप्ता, उपेंद्र यादव, श्रीमती शारदा प्रधान सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
