जशपुर से बड़ी खबर : पत्थलगांव में श्रृंगार दुकान में भीषण आग, लाखों का सामान राख — पुलिस जांच में जुटी

जशपुर : जिले के थाना पत्थलगांव क्षेत्र के भाटामुड़ा निवासी दीपक यादव की श्रृंगार दुकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से उठती आग और धुएं को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक दुकान के भीतर रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो चुका था।

प्राथमिक जानकारी के आधार पर आग के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

थाना पत्थलगांव पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है, और जांच के दौरान प्राप्त होने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने तक का मौका नहीं मिला। फ़िलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र, दुकान के अंदरूनी हालात और तकनीकी बिंदुओं की मदद से आग के कारणों की पड़ताल कर रही है।

किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आर्थिक नुकसान भारी बताया जा रहा है।

Related posts