रायगढ़ यातायात पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रोड़ रोलर से नष्ट कराया 200 मॉडिफाईड साइलेंसर.
रायगढ़ : रायगढ़ यातायात पुलिस ने शहर में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 मॉडिफाईड साइलेंसरों को रोड़ रोलर से नष्ट कर दिया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना और तेज आवाज वाले गैर-मानक साइलेंसरों पर पूरी तरह रोक लगाना है।
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर शहर में यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर चल रही सख्त मुहिम के बीच शुक्रवार को यातायात पुलिस ने मॉडिफाईड साइलेंसरों पर की गई कार्रवाई का नष्टीकरण कार्यक्रम आयोजित किया। गत माह एडिशनल एसपी श्री आकाश मरकाम और डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर उन बाइक चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई थी, जिन्होंने मानक साइलेंसर हटा कर तेज और कर्कश ध्वनि वाले मॉडिफाईड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाए। नियम उल्लंघन करने वालों से समन शुल्क वसूलते हुए उनके वाहनों में लगे गैर-मानक साइलेंसर हटवा कर पुनः मानक साइलेंसर लगवाए गए थे। इसी कार्रवाई में जब्त किए गए करीब 200 मॉडिफाई साइलेंसरों को आज पुलिस सामुदायिक भवन के सामने सीसी रोड पर पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल की मौजूदगी में रोड़ रोलर चलवा कर नष्ट किया गया।
मीडिया से चर्चा में पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने बताया कि इस वर्ष अब तक मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत 35 हजार वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई है, जिससे लगभग 3.45 करोड़ रुपये समन शुल्क शासन के खाते में जमा कराया गया है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना पुलिस की प्राथमिकता है और मॉडिफाईड साइलेंसरों के विरुद्ध यह कदम सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है। एसपी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एएसआई राजेन्द्र पटेल, हेड कांस्टेबल मुकेश चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र जोशी, हेड कांस्टेबल शीतल पाण्डेय, कांस्टेबल दिनेश डनसेना, कांस्टेबल बलवंत राठिया, कांस्टेबल जक्शन बघेल, कांस्टेबल संतोष पाण्डेय, कांस्टेबल विजय सिदार, कांस्टेबल प्रमोद सागर, सैनिक धनेश सिदार एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।
