संविधान दिवस विशेष: जशपुर में निफ्टेम और एसआईएस इंडिया का संयुक्त कार्यक्रम, डॉ. अम्बेडकर की दृष्टि और कर्तव्य पालन पर जोर

जशपुर में निफ्टेम–ग्राम गोद कार्यक्रम एवं एसआईएस इंडिया द्वारा किया गया संविधान दिवस का गरिमापूर्ण आयोजन

जशपुर : संविधान दिवस के अवसर पर आज जशपुर नगर के डोड़काचौरा स्थित सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज़ (एसआईएस-इंडिया) लिमिटेड के क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में निफ्टेम–ग्राम गोद कार्यक्रम (वी.ए.पी.) की टीम तथा एसआईएस इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। हरियाणा के कुंडली स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम) की ग्राम गोद कार्यक्रम टीम, जो प्रो. प्रसन्ना कुमार जी.वी. एवं श्री अभिमन्यु गौड़ के मार्गदर्शन में जशपुर प्रवास पर है, ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में ग्राम गोद कार्यक्रम के सदस्य, एसआईएस के प्रशिक्षणार्थी तथा सहायक उपनिरीक्षक (ए.एस.आई.) श्री जय प्रकाश ताराम और श्री अमित कुमार प्रधान उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं भाईचारे के मूल संवैधानिक मूल्यों के पालन का संकल्प लिया।

 इस अवसर पर प्रो. प्रसन्ना कुमार जी.वी. ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सरकार द्वारा स्थापित निफ्टेम एवं एसआईएस संस्थाएँ खाद्य प्रसंस्करण, सुरक्षा एवं सुविधा प्रबंधन सेवाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं ने जनता का विश्वास अर्जित किया है और राष्ट्र के विकास में सतत् भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता, अखंडता एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। ए.एस.आई. श्री जय प्रकाश ताराम एवं श्री अमित कुमार प्रधान ने अपने उद्बोधन में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की दूरदर्शिता एवं योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में निर्मित भारतीय संविधान ने भारत को विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिससे उपस्थित सभी लोगों में राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।

Related posts