पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई : अवैध धान माफियाओं पर जशपुर पुलिस का बड़ा प्रहार—एक ही रात में 120 क्विंटल धान जब्त ! धान कोचियों की साजिश नाकाम ! चार पिक-अप सहित भारी मात्रा में धान पकड़ाया.

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन चालू होते ही, धान कोचिये सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान ला कर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश में लगे हुए हैं, जिन्हें रोकने के लिए जशपुर पुलिस व प्रशासन अत्यंत सक्रिय है। जशपुर पुलिस के द्वारा निरंतर सरहदी ग्रामीण रास्तों पर चेकिंग की जा रही है, साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने दिनांक 03 दिसंबर 2025 की प्रातः करीबन 04:00 बजे, पैट्रोलिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम गलौंडा के ग्रामीण रास्तों में अवैध रूप से झारखंड राज्य से छत्तीसगढ़ में खपाने हेतु लाई जा रही धान लदी, चार पिक-अप वाहन को पकड़ा है, जिसमें कुल 120 क्विंटल धान लोड था।

प्रकरण के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि आज सुबह करीबन 04:00 बजे सिटी कोतवाली जशपुर की पुलिस टीम पैट्रोलिंग में थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम ग़लौंडा के ग्रामीण रास्ते में चार पिक-अप वाहन क्रमांक क्रमशः CG14-MU-9347, JH01-FG-8689, JH01-FC-816 व JH-01FC-7695 में भारी मात्रा में धान लोड है, जो कि चैनपुर, झारखंड की ओर से आ रहा है। जिस पर सिटी कोतवाली पुलिस के द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर ग्राम ग़लौंडा के ग्रामीण रास्ते में नाकाबंदी की गई थी।

तभी पुलिस के उक्त संदिग्ध पिक-अप वाहनों को आता देख, घेराबंदी कर, चारों पिक-अप वाहनों को रोका गया, पूछताछ में पिक-अप वाहन क्रमांक CG14-MU-9347 के ड्राइवर ने अपना नाम जीत वाहन उम्र 23 वर्ष, निवासी भागलपुर जिला जशपुर का रहने वाला बताया तथा पिक-अप वाहन क्रमांक क्रमशः JH01-FG-8689, JH01-FC-816 व JH-01FC-7695 के ड्राइवरों ने अपना नाम विकास कुमार, उम्र 25 वर्ष, चंदन कुमार, उम्र 25 वर्ष व रोहित रौतिया उम्र 25 वर्ष, सभी निवासी ग्राम चैनपुर, जिला गुमला झारखंड का रहने वाला बताया व बताया कि उक्त धान को वे झारखंड से जिला जशपुर एक राइस मिल के लिए ला रहे थे। पुलिस के द्वारा उक्त संबंध में वैध दस्तावेजों की मांग की गई, तो उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका। जिस पर पुलिस के द्वारा उक्त चारों संदिग्ध पिक-अप वाहन को धान सहित जप्त कर, अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है।

गौरतलब है कि जशपुर पुलिस अवैध धान को छत्तीसगढ़ में लाने से रोकने हेतु अत्यंत प्रतिबद्ध है, पुलिस के द्वारा इसके पूर्व भी थाना लोदाम, थाना कुनकुरी क्षेत्र व पंडरा पाठ क्षेत्र से पांच ट्रक, तीन पिक-अप व एक ऑटो सहित लगभग 10 लाख 50 हजार रुपए कीमत के कुल 420 क्विंटल अवैध रूप से झारखंड राज्य से ला रहे धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है।

Related posts