किया था नाबालिक बालिका से दुष्कर्म, गर्भवति होने पर हुआ खुलासा, आरोपी मिलराम हो गया था फरार, मामला थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत का,
पुलिस कर रही थी लगातार तलाश, आखिर गोवा में धर दबोचा.
आरोपी के विरुद्ध थाना बागबहार में बीएनएस की धारा 64 (1) व 4 पॉस्को एक्ट के अंतर्गत है अपराध पंजीबद्ध.
नाम गिरफ्तार फरार आरोपी: मिलराम तिर्की, उम्र 52 वर्ष.
जशपुर : जशपुर पुलिस के ऑपरेशन अंकुश के तहत बागबहार क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी मिलराम तिर्की (52) को गोवा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था और गोवा के फातोड़ा थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में वेटर बनकर छिपा हुआ था। तकनीकी टीम और मुखबिर सूचना की मदद से जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में फरार आरोपियों को पकड़ने जशपुर पुलिस का ऑपरेशन अंकुश निरन्तर जारी है, जिसके तहत जशपुर पुलिस विशेष अभियान चला कर, फरार आरोपियों की धर पकड़ कर रही है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस को दुष्कर्म के मामले में फरार एक आरोपी को गोवा राज्य से पकड़ने में सफलता मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 06 अक्टूबर 2025 को थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका के पिता ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि रिपोर्ट दिनांक से चार-पांच दिन पूर्व पीड़ित नाबालिग बालिका की चाची ने बताया था कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को मासिक धर्म नहीं आ रहा है, व बताया था कि उसकी नाबालिक बेटी के साथ गांव का ही आरोपी मिलराम तिर्की उम्र 52 वर्ष के द्वारा, जंगल में बकरी चराने के दौरान उसकी नाबालिग बेटी के साथ जबरन दुष्कर्म किया गया था। जिसे कि उसकी बेटी लोक लाज के भय से किसी को नहीं बता रही थी। उसके गर्भवती होने पर उन्हें यह बात पता चली है।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए रिपोर्ट पर तत्काल थाना बागबहार में आरोपी मिलराम तिर्की के विरुद्ध बीएनएस की धारा 64 (1), व 4 पॉस्को एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था। व नाबालिग पीड़ित बालिका का डॉक्टरी मुलाहिजा भी कराया गया था। आरोपी मिलराम तिर्की घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस लगातार उसकी पता साजी कर रही थी, उसके छिपने के संभावित ठिकानों पर भी पुलिस लगातार दबिश दे रही थी,।
इसी दौरान पुलिस को अपने सक्रिय मुखबिर तंत्र व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त आरोपी मिलराम तिर्की गोवा राज्य के थाना फ़तोड़ा क्षेत्र में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा तत्काल पुलिस टीम गठित कर गोवा रवाना की गई, जिनके द्वारा थाना फातोड़ा क्षेत्र के मझगांव बस स्टैंड के पास स्थित एक रेस्टोरेंट से आरोपी मिलराम तिर्की को हिरासत में लेकर वापस लाया गया। मिलराम तिर्की उक्त रेस्टोरेंट में वेटर का काम करता था।
पुलिस की पूछताछ पर आरोपी मिलराम तिर्की उम्र 52 वर्ष के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर, उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक नारायण साहू, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक अभय खेस व आरक्षक घनश्याम प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पुलिस गोवा से ढूंढ कर लाई है, महिलाओं व बच्चों से सम्बन्धित अपराध में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा, ऑपरेशन अंकुश निरंतर जारी रहेगा।
