नक्सली प्लान फेल: तोयामेटा–पड़बेदा जंगल में पुलिस पार्टी को निशाना बनाने के लिए लगाए गए आईईडी विस्फोटकों को नारायणपुर पुलिस ने नष्ट किया

नारायणपुर पुलिस ने नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सफलतापूर्वक आईईडी बरामदगी और नष्टिकरण की कार्रवाई की

नारायणपुर: नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों की सतर्कता और सक्रियता का जीवंत उदाहरण आज देखने को मिला, जब नारायणपुर पुलिस ने थाना छोटे डोंगर क्षेत्र के अतिसंवेदनशील ग्राम तोयामेटा–पड़बेदा जंगल में नक्सलियों द्वारा पुलिस पार्टी को निशाना बनाने हेतु लगाए गए आईईडी विस्फोटकों को बरामद कर सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई से न केवल सुरक्षा बलों पर संभावित हमले की आशंका समाप्त हुई, बल्कि ग्रामीणों के आवागमन मार्ग को भी सुरक्षित बनाया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद संयुक्त अभियान तुरंत प्रारंभ किया गया। इस ऑपरेशन में ओरछा की 29वी वाहिनी आईटीबीपी, नारायणपुर बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड, थाना छोटे डोंगर पुलिस बल और आईटीबीपी डॉग स्क्वॉड शामिल थे। अभियान में टीम ने जंगल क्षेत्र में प्रवेश करने से पूर्व सुरक्षा कवच और फायर कवर सुनिश्चित किया, जिसके बाद पड़बेदा जाने वाले मादिन नदी किनारे के पगडंडी मार्ग पर लगभग 1 किलोमीटर के रेडियस में घेराबंदी कर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान टीम ने तीन नग सोर्स आईईडी बरामद किए, जिनमें प्रत्येक लगभग 3 किलो वजनी कुकर बम था। यह आईईडी अत्यंत संवेदनशील स्थिति में लगाए गए थे, जिससे गश्ती दल या किसी ग्रामीण के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता था। बीडीएस टीम ने तकनीकी प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी आईईडी का मौके पर ही सुरक्षित नष्टिकरण किया।

इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस पार्टी पर संभावित बड़े हमले को रोका गया और नक्सलियों की विस्फोटक हरकतें विफल हुईं। नारायणपुर पुलिस ने एक बार फिर दिखाया कि वह नक्सल गतिविधियों के उन्मूलन, ग्रामीणों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण विकास सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में ऐसे एंटी-आईईडी सर्च अभियान और डोमिनेशन ऑपरेशन और अधिक सुदृढ़ता के साथ जारी रहेंगे।

Related posts