सरिया छड़ दिलाने के नाम से एक व्यक्ति से ले लिए हजारों रुपए, फिर दूसरे व्यापारी को फोन से ऑर्डर कर, गिरवा दी सरिया, मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम गिरांग का व महुआटोली का
दूसरे व्यापारी ने जब मांगा ऑर्डर किए गए सरिया के रुपए, तब हुआ ठगी का अहसास.
मामले में ठगी के दो मास्टरमाइंड है फरार, पुलिस ने कर लिया है चिन्हित, की जा रही है पतासाजी, शीघ्र किया जाएगा गिरफ्तार.
आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में ठगी के लिए बीएनएस की धारा 318(4) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
नाम गिरफ्तार ठग – अहतास अंसारी उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम गाराडीह, थाना केरो, जिला लोहरदगा झारखंड.
जशपुर : सरिया-छड़ की आड़ में चल रही साइबर ठगी के गिरे तारों को आखिरकार जशपुर पुलिस ने काट दिया। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर लोगों को झांसा देने वाले गिरोह पर पुलिस ने करारी चोट करते हुए झारखंड से एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दो मास्टरमाइंड अब भी फरार हैं।
गौरतलब है कि वर्तमान परिपेक्ष्य में साइबर ठगों के द्वारा, ठगी हेतु नए नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं, जिसमें जागरूकता की कमी के कारण लोग ठगी का शिकार भी हो रहे हैं। ऐसा ही एक मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सामने आया है, जिसमें ठगों ने ग्राम गिरांग के सरिया व्यापारी व महुआटोली के एक व्यक्ति, जो कि अपना खुद का गृह निर्माण करा रहा था, को झांसे में लेकर सरिया छड़ दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपए की ठगी कर लिए।
प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 09 नवंबर 2025 को प्रार्थी नेल्सन कुजूर, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम गिरांग, थाना सिटी कोतवाली जशपुर, जिसका ग्राम गिरांग में अरुण एंड संस नाम से सीमेंट व सरिया छड़ की दुकान है के द्वारा थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि दिनांक 05 नवंबर 2025 को उसके भाई के मोबाइल फोन पर, एक अज्ञात मोबाइल नंबर से, फोन आया था, जिसके द्वारा, ग्राम महुआटोली, निवासी एक सत्येंद्र सिंह नाम के व्यक्ति के पास, जो कि गृह निर्माण करा रहा था, के पास सरिया छड़ गिराने का ऑर्डर दिया गया था। जिस पर प्रार्थी के द्वारा दिनांक 06 नवंबर 2025 को एक पिक-अप के माध्यम से, महुआटोली में सत्येंद्र सिंह की दुकान में जाकर, 01 लाख 90 हजार रुपये की छड़ को खाली करा दिया गया था। प्रार्थी के द्वारा जब सत्येंद्र सिंह से छड़ की कीमत की मांग की गई, तो सतेन्द्र सिंह ने बताया कि उसके द्वारा 40 हजार रूपए, कथित तौर पर, उस व्यक्ति को फोन पे के माध्यम से दिया गया है, जिसे उसने छड़ गिराने का ऑर्डर दिया था। जिस पर प्रार्थी के द्वारा, उस संदिग्ध मोबाइल नंबर पर, जिससे प्रार्थी को महुआटोली में छड़ गिराने का ऑर्डर मिला था, से संपर्क करने की कोशिश करने पर संदिग्ध मोबाइल नंबर, बंद बता रहा है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी ठगों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(4) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
जांच विवेचना के दौरान पुलिस को यह पता चला कि आरोपी ठगों के द्वारा पहले महुआटोली के व्यक्ति सुरेन्द्र सिंह को अपने को जशपुर का ठेकेदार बताते हुए, झांसे में लेते हुए, कम कीमत पर सरिया छड़ दिलाने की बात कही गई, फिर ठगों ने फोन के माध्यम से ग्राम गिरांग के सीमेंट व सरिया व्यापारी नेल्सन कुजूर को फोन कर, ग्राम महुआटोली में सत्येंद्र सिंह के यहां सरिया छड़ गिराने का ऑर्डर दे दिया गया, फिर जब नेल्सन कुजूर के द्वारा, सत्येंद्र सिंह के यहां सरिया छड़ गिराया जा रहा था, तभी आरोपी ठगों ने, फोन के माध्यम से, सत्येंद्र सिंह से संपर्क कर, अपने फोन पे में 40 हजार रुपए ले लिए। नेल्सन कुजूर के द्वारा, सतेन्द्र सिंह से अपने गिराए गए सरिया छड़ की कीमत मांगने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ, पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए, नेल्सन कुजूर के गिराए सरिया छड़ को, नेल्सन कुजूर को वापस कर दिया गया है।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा ठगों की धर-पकड़ हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी, जिनके द्वारा पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से, संदिग्ध मोबाइल नंबर, जिसका उपयोग ठगों के द्वारा ठगी हेतु किया गया था, को लगातार ट्रेस किया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि मामले का एक आरोपी ठग अहतास अंसारी उम्र 22 वर्ष, झारखंड राज्य के लोहरदगा जिला, क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम गाराडीह, थाना केरो का रहने वाला है, जिस पर तत्काल पुलिस की विशेष टीम, लोहरदगा झारखंड जाकर, ग्राम गाराडीह से संदिग्ध अहतास अंसारी को हिरासत में लेकर वापस लाई।
पुलिस की पूछताछ में संदिग्ध आरोपी अहतास अंसारी ने बताया कि वह अपने दो अन्य साथियों, जो कि उक्त ठगी के मास्टरमाइंड थे, के साथ घटना दिनांक 06 नवंबर 2025 के तीन दिनों पूर्व ही जशपुर क्षेत्रांतर्गत, अलग-अलग जगहों पर जाकर, ठगी हेतु लोगों को चिन्हित किया जा रहा था। इसी दौरान उनके द्वारा, ग्राम महुआटोली के सत्येंद्र सिंह व गिरांग के सीमेंट सरिया व्यापारी नेल्सन कुजूर को चिन्हित कर ठगी को अंजाम दिया गया था। मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी अहतास अंसारी की निशानदेही पर ठगी के मास्टरमाइंड, उसके दो दोस्तों को भी चिन्हित कर लिया है, जो कि फरार हैं, पुलिस के द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही है, शीघ्र ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
पुलिस की पूछताछ में अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर, आरोपी ठग अहतास अंसारी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में सहायक उपनिरीक्षक जय प्रकाश मिर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा व आरक्षक उपेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक सायबर ठगी के मामले में एक आरोपी को लोहरदगा झारखंड से पकड़ कर, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। साथ ही आम जनता से अपील की है कि लालच में न आए, साइबर ठगों के द्वारा अंजान नंबरों से फोन कर ठगी को अंजाम दिया जा रहा है, ऐसे किसी भी कॉल पर, विश्वास न करें, अपनी जानकारी साझा न करें, जागरूकता ही बचाव है।
