झूठे रिश्ते का खेल खत्म : शादी का सपना दिखाकर दो बार कराया गर्भपात! महिला से दुष्कर्म के आरोपी को जशपुर पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़ा, फरार आरोपी को रांची से किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल.

मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को थाना सन्ना क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 35 वर्षीय युवती ने थाना सन्ना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह जशपुर जिले के एक बालक आश्रम में स्वीपर के तौर पर काम करती है, वर्ष 2023 में प्रार्थिया की दीदी, जो कि एक शेप शॉप नामक प्राइवेट कंपनी में जुड़ी थी, जिसके प्रोडक्ट को बेचने पर कमीशन मिलता था, के द्वारा प्रार्थिया को भी उक्त कंपनी में जुड़ने हेतु बोला गया। परंतु प्रार्थिया के द्वारा नौकरी के दौरान समय नहीं मिलने की बात कही गई, जिस पर प्रार्थिया की दीदी के द्वारा फोन के माध्यम से प्रार्थिया का आरोपी नागेंद्र उरांव,  जो कि उक्त कथित शेप शॉप कंपनी में डायमंड रैंक पर काम करता था, से बातचीत करा दिया गया, जिसके द्वारा शेप शॉप कंपनी में जुड़ने पर, प्रोडक्ट बेचने में मदद की बात कही गई।

 इस प्रकार प्रार्थिया  आरोपी नागेंद्र उरांव के संपर्क में आई। तब से आरोपी कंपनी के प्रोडक्ट बेचने के नाम से, प्रार्थिया के पास आता जाता रहता था, इसी दौरान माह सितंबर 2023 में आरोपी नागेंद्र उरांव, प्रार्थिया के घर आया था, व रात्रि को वहीं रुका था। प्रार्थिया एक अलग कमरे में सो रही थी, कि तभी आरोपी नागेन्द उरांव, उसके कमरे में आया व प्रार्थिया से प्यार करता हूं, शादी करूंगा कहकर, झांसे में लेते हुए उसके साथ अनाचार किया। तब से लेकर समय-समय पर आरोपी, प्रार्थिया के साथ शादी का झांसा देते हुए, उसका शारीरिक शोषण करता रहता था। इस दौरान प्रार्थिया दो बार गर्भवती भी हो गई थी, परन्तु नागेंद उरांव ने उसका गर्भपात करा दिया, इसी दौरान प्रार्थिया को पता चला कि आरोपी नागेन्द उरांव, पूर्व से शादी शुदा था, उसके बच्चे भी हैं,

प्रार्थिया के द्वारा अब शादी हेतु बोलने पर आरोपी नागेन्द्र शादी करने से इनकार कर रहा है व प्रार्थिया को छोड़ कर झारखंड राज्य अन्तर्गत अपने गांव चला गया है।

आरोपी नागेंद्र उरांव घटना दिनांक से ही फरार था, पुलिस के द्वारा लगातार उसकी पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि उक्त फरार आरोपी नागेंद्र उरांव रांची में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा, पुलिस टीम गठित कर, आरोपी नागेंद्र उरांव की धर पकड़ हेतु रांची रवाना की गई थी। पुलिस टीम के द्वारा रांची झारखंड क्षेत्रांतर्गत, आरोपी नागेंद्र उरांव के घर की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी नागेन्द्र उरांव के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Related posts