सामुदायिक सहभागिता की मिसाल : पुलिस और समाज के बीच मजबूत होता विश्वास, जूटमिल थाना में आयोजित हुआ सम्मान समारोह, जूटमिल थाना में शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी और मेधावी छात्र हुए सम्मानित.

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन पर आज 14 दिसंबर 2025 को थाना जूटमिल परिसर में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक प्रशांत राव अहेर ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और सराहनीय योगदान देने वाले स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, पुलिस मित्रों, ग्राम कोटवारों एवं स्वच्‍छता दीदियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज का समग्र विकास तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करे। उन्होंने यह भी कहा कि अच्छे कार्य करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन दिया जाना आवश्यक है, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण बने और अन्य लोग भी प्रेरित हों। इसी उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर ऐसे नागरिकों को चिन्हित कर सम्मानित किया जा रहा है। थाना प्रभारी ने सभी सम्मानितजनों को भविष्य में भी इसी तरह समाजहित में सक्रिय रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोड़ातराई के फार्मासिस्ट भवानी लाल नायक, बहुउद्देशीय महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती इन्दु पटेल, शासकीय प्राथमिक शाला नेतानगर की सहायक शिक्षिका श्रीमती रंजीता चौहान, शासकीय प्राथमिक शाला बोदाटिकरा की सहायक शिक्षिका नील कुसुम भगत को उनके सेवाभावी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कक्षा दसवीं में 95.83% प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा शिवानी पंडा (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गढ़उमरिया), 97.17% प्रतिशत अंक अर्जित करने वाली छात्रा कुमारी बबिता पटेल (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तरकेला), 83.66% प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा दीपिका यादव एवं 81.33% प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा संध्या चौहान (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छातामुड़ा) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

Related posts