सुरक्षित और निर्बाध यातायात की दिशा में बड़ी उपलब्धि: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ROB निर्माण में हासिल की महत्वपूर्ण सफलता

सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण पहल |

हिमगीर–दाघोरा के मध्य समपार संख्या 276 पर निर्माणाधीन रोड ओवरब्रिज में सभी गर्डरों की सफल स्थापना |

बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा एवं सुविधा बढ़ाने के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। समपार फाटकों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम करने तथा अत्यधिक सड़क यातायात वाले मार्गों पर ट्रेनों के आवागमन के दौरान होने वाली असुविधाओं को समाप्त करने के उद्देश्य से विभिन्न समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (ROB), रोड अंडरब्रिज (RUB) एवं लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) का निर्माण किया जा रहा है ताकि यातायात को सुरक्षित रूप से वैकल्पिक मार्ग प्रदान किया जा सके।

इसी क्रम में मंडल के हिमगीर–दाघोरा स्टेशनों के मध्य किमी 552/05-07 पर स्थित समपार संख्या 276 (गुमदा फाटक) पर रोड ओवरब्रिज का कार्य तेजी से प्रगति पर है। निर्माण कार्य को गति प्रदान करते हुए 36 मीटर स्पैन के सभी 05 गर्डरों का सफलतापूर्वक लॉंचिंग कार्य संपन्न किया गया। गर्डरों का लॉंचिंग कार्य 500 टन क्षमता की टेलीस्कोपिक रोड क्रेन की सहायता से पूर्णतः सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न किया गया।

यह कार्य इंजीनियरिंग विभाग की टीम द्वारा सभी विभागों से बेहतर समन्वय करते हुये सुनियोजित तरीके से पूर्ण सतर्कता, सजगता एवं सुरक्षा मानकों के पूर्ण अनुपालन के साथ संपन्न किया गया।

सभी गर्डरों की सफल लांचिंग के साथ इस ROB निर्माण में एक महत्वपूर्ण का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। ROB निर्माण के पूर्ण होते ही गुमदा फाटक से होकर गुजरने वाले सड़क उपयोगकर्ताओं एवं वाहनों को सुरक्षित, संरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावनाएँ भी समाप्त होंगी।

Related posts