पारदर्शी संवाद और त्वरित समाधान की मिसाल: नागपुर मंडल की पेंशन अदालत में पेंशन व एरियर मामलों का निस्तारण

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में पेंशन अदालत (चतुर्थ तिमाही) का सफल आयोजन

रायपुर : दिनांक 15 दिसंबर 2025 को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में पेंशन अदालत (4th Quarter) का आयोजन माननीय अपर मंडल रेल प्रबंधक की अध्यक्षता में सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस पेंशन अदालत का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना था।

इस अवसर पर रेल प्रशासन की ओर से माननीय अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री उदय कुमार भारती, मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती श्वेता एच.के. छोरिया तथा सहायक मंडल वित्त प्रबंधक श्री राजेश कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। वहीं पेंशनभोगी संघ की ओर से अध्यक्ष श्री डी. एन. मूर्ती, महासचिव श्री बासुदेव सहित अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित शिकायतकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

पेंशन अदालत के दौरान पेंशन, पारिवारिक पेंशन, एरियर भुगतान, संशोधित वेतनमान के अनुसार लाभ, अवकाश नकदीकरण तथा अन्य सेवा–निवृत्ति लाभों से संबंधित लंबित एवं विचाराधीन मामलों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कुल 21 मामलों को सुनवाई हेतु प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही समाधान कर पेंशनभोगियों को राहत प्रदान की गई।

माननीय अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शेष मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि पेंशनभोगियों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन अदालत जैसे मंच से प्रशासन एवं पेंशनभोगियों के बीच संवाद सशक्त होता है तथा पारस्परिक विश्वास में वृद्धि होती है।

कार्यक्रम के अंत में पेंशनभोगी संघ के प्रतिनिधियों ने पेंशन अदालत के आयोजन एवं मामलों के समाधान हेतु रेलवे प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। यह आयोजन नागपुर मंडल में पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल सिद्ध हुआ।

Related posts