आरोपी पिक-अप वाहन में गौ-वंशों को भर कर ले जा रहे थे लोहरदगा झारखंड, पुलिस ने ग्राम हर्राडीपा के पास, घेराबंदी कर धर दबोचा, मामला थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत का.
तस्करी में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक JH – 01- EY – 1099 को भी किया जप्त,एक आरोपी फरार, पुलिस ने कर लिया है चिन्हित, की जा रही है पतासाजी, शीघ्र की जावेगी गिरफ्तारी.
आरोपियों के विरुद्ध थाना आस्ता में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध
नाम गिरफ्तार आरोपी – सलमान खान उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम जिला जशपुर (छग)
जशपुर : भोर की पहली किरण से पहले जशपुर पुलिस ने गौ-तस्करों की साजिश पर करारा प्रहार करते हुए एक बार फिर अपनी सतर्कता और सख़्ती का परिचय दिया। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के अंतर्गत थाना आस्ता क्षेत्र में की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने तस्करों के चंगुल से 10 गौ-वंशों को मुक्त कराया, एक तस्कर को धर दबोचा, जबकि एक आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। यह कार्रवाई गौ-तस्करी के विरुद्ध जशपुर पुलिस के निरंतर अभियान का एक और निर्णायक अध्याय है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है। पुलिस लगातार गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है, इसी क्रम में जशपुर पुलिस को थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत 10 गौ-वंशों को तस्करों से मुक्त कराने में सफलता मिली है, साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक पिक-अप को जप्त करते हुए, एक गौ तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 15 दिसंबर 2025 की प्रातः करीबन 05:00 बजे थाना आस्ता पुलिस को ग्रामीणों से पुख़्ता सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की पिक-अप वाहन क्रमांक JH – 01- EY – 1099 में गौ-वंशों को भर कर हार्रडीपा की ओर से होते हुए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। जिस पर थाना आस्ता पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, तत्काल ग्राम हर्राडीपा में नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस को देख उक्त संदिग्ध पिक-अप वाहन अनियंत्रित होकर, रोड से नीचे उतर गया था, एक आरोपी जंगल का फायदा उठा कर फरार हो गया।
पुलिस ने जब संदिग्ध पिक-अप वाहन के पास जाकर देखा तो पाया कि, उसमें एक व्यक्ति बैठा हुआ था, पूछताछ पर उसने अपना नाम सलमान खान उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम जिला जशपुर (छग) का रहने वाला बताया। पुलिस के द्वारा जब पिक-अप वाहन की तलाशी ली गई तो, उसने त्रिपाल से ढंक कर रखा गया, 10 नग गौ-वंश मिला। संदिग्ध सलमान से उक्त संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि वह गौ-वंशों को लोहरदगा झारखंड के एक व्यक्ति के साथ, लेकर लोहरदगा जा रहा था। पुलिस के द्वारा गौ-वंशों से संबंधित वैध दस्तावेजों की मांग किए जाने पर, उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका, जिस पर पुलिस के द्वारा आरोपी सलमान को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने सभी 10 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद कर लिया है व आरोपी सलमान की निशानदेही पर फरार आरोपी को भी चिन्हित कर लिया है, पता साजी जारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
पुलिस के द्वारा आरोपी सलमान खान उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम साईं टांगर टोली, थाना लोदाम जिला जशपुर (छग) के विरुद्ध थाना आस्ता में छ.ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 10, के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध करते हुए, उसके द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक JH – 01- EY – 1099 को भी जप्त कर लिया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व गौ-वंशों की सकुशल बरामदगी व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक अशोक कुमार यादव, प्रधान आरक्षक संदीप एक्का, प्रधान आरक्षक मनोहर एक्का, आरक्षक अनिल भगत, आरक्षक शरद भगत व आरक्षक अरुण तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही कर रही है, थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत 10 गौ-वंशों को मुक्त कराया गया है, एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, फरार आरोपी की तलाश जारी है, गौ तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
