पुलिस की बड़ी सफलता : मृत को जिंदा करने का झांसा पड़ा भारी ! तंत्र-मंत्र फेल हुआ तो निर्दोष महिला बनी शिकार, जशपुर पुलिस ने महिला पर टोनही का आरोप लगाने वाले फरार बैगाओं को गिरफ्तारकर न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल.

प्रकरण का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 08 नवंबर 2025 को थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत ग्राम भिंजपुर की प्रार्थिया फ़ौसी बाई ने थाना दुलदुला में  अपने साथ टोनही का आरोप लगाते हुए मारपीट करने के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के द्वारा थाना दुलदुला में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296,351(2),115(2),333,190,191(2) व टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4,5 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया था कि मृतिका सुनीता भगत जो कि रायपुर में रहती थी, अपने निजी काम से गृह ग्राम भिंजपुर आई हुई थी, जहां अचानक तबियत खराब होने से उसकी मृत्यु हो गई थी। परिजनों ने मृतका का दफन कफ़न कर दिया था, परन्तु परिजनों को शक था कि किसी की नजर लगने से ही सुनीता भगत की मृत्यु हुई थी। अतः परिजनों के द्वारा जिला रायगढ़ क्षेत्रांतर्गत एक कृपा चौहान नाम के बैगा से संपर्क किया गया था, जिसके द्वारा अपने अन्य बैगा साथियों के साथ तंत्र-मंत्र कर मृतिका को जिंदा करने की बात कही गई थी, इस एवज में उनके द्वारा मृतिका के परिजनों से कुछ रकम भी ली गई थी। उनके द्वारा ग्राम भिंजपुर पहुंचकर, मृतिका के कब्र के पास, मृतिका को जिंदा करने हेतु तंत्र-मंत्र किया गया था, और परिजनों से और अधिक रकम की मांग की जा रही थी। परिजनों के द्वारा मृतिका को जिंदा करने के बाद ही शेष रकम देने पर, बैगाओं के द्वारा गांव की ही एक महिला पर टोनही का आरोप लगा, मृतिका को जिंदा करने में असमर्थता जताई गई थी। जिस पर मृतिका के परिजनों के द्वारा प्रार्थिया फ़ौसी बाई के साथ, टोनही का आरोप लगा मारपीट की गई थी।

दो संदिग्ध बैगा क्रमशः 1. रत्थू राम चौहान, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम-लेंथरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बीलाईगढ़ (छ. ग), 2. विरनची महतो, उम्र 63 वर्ष, निवासी ग्राम-लेंथरा, थाना बरमकेला, जिला सारंगढ़-बीलाईगढ़ (छ.ग) घटना दिनांक से ही फरार थे, जिनकी पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान जशपुर पुलिस की मुखबिर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से  उनके जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम लेंथरा में होने की सूचना पर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के द्वारा  उनकी धर-पकड़ हेतु पुलिस टीम जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ भेजी गई थी। जशपुर पुलिस की टीम के द्वारा ग्राम लेंथरा से दोनों फरार बैगाओं को हिरासत में लेकर वापस लाया गया।

 पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपी बैगाओं के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है व उनके कब्जे से तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त बंदर की हड्डी को भी जप्त किया गया है।

Related posts