त्योहार से पहले सख्त हुई जशपुर पुलिस : 120 मामलों में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर गिरी गाज, नियम तोड़े तो सजा तय ! जशपुर पुलिस ने ट्रैफिक उल्लंघन पर दिखाई सख्ती, ₹44 हजार से अधिक वसूला जुर्माना.

जशपुर : त्योहारों के मौसम में सड़क पर बढ़ती भीड़ और तेज़ रफ्तार के बीच आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जशपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है
क्रिसमस और नववर्ष के जश्न से पहले जिलेभर में चलाए गए विशेष ट्रैफिक अभियान के तहत नियम तोड़ने वालों पर न केवल चालानी कार्यवाही की गई, बल्कि उन्हें मौके पर ही नियमों का महत्व भी समझाया गया
मोडिफाइड साइलेंसर, स्टंटबाज़ी, तीन सवारी, बिना हेलमेट और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए जशपुर पुलिस ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी
यह अभियान केवल जुर्माना वसूलने तक सीमित नहीं, बल्कि दुर्घटनाओं को रोकने और हर परिवार को सुरक्षित घर लौटाने की एक जिम्मेदार पहल है।

आगामी क्रिसमस के त्यौहार व नव वर्ष के मद्देनजर, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर जिले के सभी थाना/चौकी क्षेत्रों में, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर जशपुर पुलिस के द्वारा सख्त कार्यवाही की जा रही है। पुलिस के द्वारा गत दिवस, संपूर्ण जिले में तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोडिफाइड साइलेंसर, तेज रफ्तार व शराब पी कर वाहन चलाने इत्यादि के मामलों में कुल 120 प्रकरणों में कार्यवाही करते हुए 44 हजार 300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया है।

पुलिस के द्वारा थाना कुनकुरी क्षेत्र में भी यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए, मोडिफाइड साइलेंसर के साथ, ओवर स्पीड में स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स को भी पकड़ा गया, जिन्हें पुलिस के द्वारा चालानी कार्यवाही करते हुए, उठक-बैठक करा कर ट्रैफिक नियमों के पालन करने की समझाइश दी गई और बताया गया कि नियत गति से ही वाहन चलाए,बाइक चलाते समय हेलमेट अवश्य पहने, जिससे किसी कारणवश दुर्घटना होने पर जान बच सकती है। पुलिस के द्वारा कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत कार्यवाही करते हुए कुल 12 प्रकरणों में से 03 प्रकरणों में लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। 02 प्रकरणों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है, 01 प्रकरण में शराब पी कर वाहन चलाने पर 185 mv act के तहत कार्यवाही की गई है व अन्य 06 प्रकरण जो कि बिना नम्बर, बिना हेलमेट, तीन सवारी इत्यादि से संबंधित थे उनमें 3600/- रुपये जुर्माना वसूला गया है।

इसी प्रकार चौकी मनोरा क्षेत्रांतर्गत 06 प्रकरणों में 1800/- रुपये, चौकी आरा क्षेत्रांतर्गत 03 प्रकरणों में 900/- रुपये, लोदाम क्षेत्रांतर्गत 08 प्रकरणों में 2400/- रुपये, दुलदुला क्षेत्रांतर्गत 11 प्रकरणों में 3300/- रुपये, आस्ता क्षेत्रांतर्गत 10 प्रकरणों में 3800/- रुपये, सन्ना क्षेत्रांतर्गत 06 प्रकरणों में 2200/- रुपये, सोन क्यारी क्षेत्रांतर्गत 01 प्रकरण में 500/- रुपये, बगीचा क्षेत्रांतर्गत 02 प्रकरणों में 3000/- रुपये, नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत 01 प्रकरण में 300/- रुपये, तपकरा क्षेत्रांतर्गत 07 प्रकरण में 2100/- रुपये, करडेगा क्षेत्रांतर्गत 05 प्रकरणों में 1900/- रुपये, ऊपर कछार क्षेत्रांतर्गत 15 प्रकरणों में 6500/- रुपये, थाना कांसाबेल क्षेत्रांतर्गत 03 प्रकरणों में 1100/- रुपये, फरसाबहार क्षेत्रांतर्गत 03 प्रकरणों में 900/- रुपये, पत्थलगांव क्षेत्रांतर्गत 11 प्रकरणों में 4900/- रुपये, बागबहार क्षेत्र से 02 प्रकरणों में 800/- रुपये, कोल्हेनझरिया क्षेत्र से 06 प्रकरण में 1700/- रुपये व यातायात पुलिस जशपुर के द्वारा 08 प्रकरणों में 2600/- रुपये इस प्रकार पुलिस के द्वारा संपूर्ण जिले में कुल 120 प्रकरणों में कार्यवाही करते हुए 44 हजार 300 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

Related posts