फरार होकर प्रयागराज (इलाहाबाद) में छिपा था आरोपी, कोनी पुलिस की कड़ी मेहनत से हुई गिरफ्तारी.
गिरफ्तार आरोपी – 1. स्वरित सिंह, पिता कमलेश्वर सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी A-5, गार्डन सिटी, मोपका, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर (छ.ग.).
थाना कोनी, जिला बिलासपुर (छ.ग.) में अपराध क्रमांक 365/2025 धारा 137(2), 64(2) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4,6 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत प्रकरण हुआ था पंजीबद्ध.
बिलासपुर : नाबालिग से दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध में फरार चल रहे आरोपी को कोनी पुलिस ने चार माह की कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी निकालकर फरार हुआ आरोपी प्रयागराज (इलाहाबाद) में छिपकर रह रहा था, जिसे कोनी पुलिस की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबोच लिया। थाना कोनी में दर्ज गंभीर अपराध में आरोपी स्वरित सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर सुरक्षार्थ थाने में रखा गया था, किंतु 15 अगस्त 2025 की सुबह आरोपी हथकड़ी निकालकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल नया अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। अथक प्रयासों के बाद आरोपी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर सुरक्षित अभिरक्षा में बिलासपुर लाया गया। यह कार्रवाई न केवल पुलिस की सजगता और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है, बल्कि अपराधियों के लिए कड़ा संदेश भी है कि कानून से बचना संभव नहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 अगस्त 2025 को थाना कोनी में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 365/2025 धारा 137(2), 64(2) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4,6 पॉक्सो एक्ट के आरोपी स्वरित सिंह को गिरफ्तार कर थाने में सुरक्षार्थ रखा गया था।
दिनांक 15 अगस्त 2025 को प्रातः लगभग 04:00 बजे आरोपी अपने हाथ में लगी हथकड़ी को सरका कर निकालते हुए पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के संबंध में थाना कोनी में अपराध क्रमांक 371/2025 धारा 262 भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई।
पुलिस जांच में ज्ञात हुआ कि आरोपी प्रयागराज (इलाहाबाद) क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित कर प्रयागराज भेजी गई।
स्थानीय पुलिस के सहयोग एवं अथक प्रयासों से फरार आरोपी स्वरित सिंह को प्रयागराज से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को सुरक्षित अभिरक्षा में बिलासपुर लाया गया, जिसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
इस प्रकरण की कार्रवाई में निरीक्षक भावेश शेंडे (थाना प्रभारी, कोनी),सहायक उपनिरीक्षक अशोक चौरसिया, आरक्षक विजेन्द्र सिंह, आरक्षक उदय पाटले, महिला आरक्षक वंदना सोनवानी का विशेष योगदान रहा है।
