ब्रेकिंग : कुनकुरी में बड़ी वारदात की कोशिश—पीक-अप से पहुंचे बदमाशों ने PNB एटीएम उखाड़ा, पुलिस पर पथराव कर फरार

कुनकुरी : नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एटीएम में बीती रात 1 से 2 बजे के बीच एक बड़ी और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया गया। अज्ञात बदमाशों ने पीक-अप वाहन की मदद से एटीएम को उखाड़कर ले जाने की साजिश रची, लेकिन कुनकुरी पुलिस की सतर्कता से बड़ी चोरी टल गई।

रस्से से बांधकर एटीएम उखाड़ा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदमाश पीक-अप वाहन से मौके पर पहुंचे और रस्से की मदद से एटीएम मशीन को उखाड़ लिया। मशीन को वाहन में लोड करने की तैयारी चल ही रही थी कि उसी दौरान रात्री गश्त पर तैनात कुनकुरी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस को देख भागे बदमाश, वाहन पर किया हमला

पुलिस को देखकर बदमाश मौके से भाग निकले। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिससे घबराए बदमाशों ने पुलिस वाहन पर पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में पुलिस वाहन का शीशा टूट गया और वाहन को नुकसान पहुंचा, इसके बावजूद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।

सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। कुनकुरी पुलिस ने बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

Related posts