आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 74 व 115(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध, मामला थाना फरसाबहार क्षेत्रांतर्गत का.
नाम गिरफ्तार आरोपी – संजीत खलखो, उम्र 34 वर्ष.
जशपुर : घर की चारदीवारी में भी सुरक्षित नहीं रही महिलाओं की गरिमा—लेकिन जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून की गिरफ्त से बच नहीं सकता। फरसाबहार क्षेत्र में शादीशुदा महिला से छेड़छाड़ और मारपीट के गंभीर मामले में आरोपी को जेल भेज कर पुलिस ने सख़्त संदेश दिया है।
दिनांक 04 जनवरी 2026 को थाना फरसाबहार क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 38 वर्षीय शादीशुदा महिला ने थाना फरसाबहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह दिनांक 03 जनवरी 2026 की प्रातः 10.30 बजे अपने घर के आंगन में बर्तन मांज रही थी व घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही आरोपी संजीत खलखो, चुपचाप पीछे से उसके पास आया तथा उसे दबोच लिया। फिर गलत नियत से उसके पहने वस्त्र, साड़ी एवं ब्लाउज को फाड़ दिया, पीड़ित प्रार्थिया के द्वारा विरोध करने पर आरोपी के द्वारा प्रार्थिया को जमीन पर पटक कर, मारपीट भी किया गया, फिर आरोपी प्रार्थिया के घर से निकल गया। पीड़ित प्रार्थिया के द्वारा घटना के संबंध में अपने पति को फोन के माध्यम से बताने पर, प्रार्थिया का पति जब घटना के संबंध में पूछने के लिए आरोपी संजीत खलखो के घर गया तो वहां भी आरोपी संजीत खलखो के द्वारा अपने घर को बंद कर, प्रार्थिया के पति को जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की गई थी।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना फरसाबहार में आरोपी के विरुद्ध उक्त कृत्य के लिए बीएनएस की धारा 74, व 115(2) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी संजीत खलखो उम्र 34 वर्ष को उसके घर से घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की पूछताछ पर आरोपी संजीत खलखो के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी फरसाबहार उपनिरीक्षक विवेक कुमार भगत, प्रधान आरक्षक अमरनाथ पैंकरा, आरक्षक ईश्वर साय व आरक्षक मरियानुस एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, फरसाबहार क्षेत्र में एक शादी-शुदा महिला से छेड़छाड़ व मारपीट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
