कुनकुरी में एनएच पर सनसनीखेज हादसा: नाबालिग की तेज रफ्तार कार ने मचाई तबाही, बंद दुकान में घुसी गाड़ी, एक घायल
कुनकुरी : कुनकुरी नगर के मध्य से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 43) पर बुधवार देर शाम लगभग साढ़े 6 बजे एक बड़ा और सनसनीखेज सड़क हादसा हो गया। पंजाब नेशनल बैंक के समीप यह दुर्घटना इतनी अचानक और भयावह थी कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएच के एक ओर स्थित घर से एक लाल रंग की कार बैक करते हुए बाहर निकली। इसी दौरान चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार में सड़क पार करती हुई दूसरी ओर स्थित एक बंद दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का एक शटर पूरी तरह टूट गया और अंदर रखा बिजली का सामान व फर्नीचर क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में एक नाबालिग के घायल होने की सूचना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल नाबालिग को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया।
मौके से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक JH 10 Y 4505 को एक नाबालिग चला रहा था। बताया जा रहा है कि कार को बैक करते समय वह संतुलन खो बैठा, जिसके कारण कार अनियंत्रित होकर सड़क पार कर गई और सामने बंद दुकान में घुस गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर इस तरह नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता की जान के लिए भी बड़ा खतरा है।
फिलहाल कुनकुरी पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिग द्वारा वाहन चलाने, वाहन स्वामी की जिम्मेदारी और दुर्घटना से हुए नुकसान को लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के गंभीर खतरे की ओर इशारा करता है।
