थाना पलारी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए रिपोर्ट के छः घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को लिया हिरासत में.
आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देते हुए स्टील के रॉड एवं चाकू से प्राणघातक वार कर पहुंचाई गई गंभीर चोट.
थाना पलारी में अपराध क्रमांक 07/2026 धारा 296,351(2),109,3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया विवेचना में.
बलौदाबाजार-भाटापारा : ग्राम भरूवाडीह में हुई एक सनसनीखेज वारदात में पति-पत्नी ने मिलकर प्राणघातक हमला कर गांव में दहशत फैला दी। थाना पलारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के महज़ छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून की सख्ती का संदेश दिया।
प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक 07 जनवरी 2026 को रात्रि में उसके घर के पास आकर आरोपियों (पति-पत्नी) द्वारा प्रार्थी को जबरन अश्लील गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दिया जा रहा था, जिस पर प्रार्थी द्वारा कुछ देर पश्चात गांव के अन्य लोगों के साथ मिल कर आरोपियों को ऐसा करने पर मना किया गया, जिससे आक्रोशित होकर आरोपियों द्वारा अश्लील गाली-गलौज कर, जान से मारने की धमकी देते हुए अपने घर दुकान में रखे स्टील के रॉड एवं एक धारदार चाकू से प्राणघातक वार करते हुए प्रार्थी को गंभीर चोट पहुंचाया गया। जिसकी रिपोर्ट पर थाना पलारी में अपराध क्रमांक 07/2026 धारा 296,351(2),109,3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना पलारी पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में लिया गया। जिनसे पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा प्रार्थी को गाली-गलौज कर, जान से मारने की धमकी देते हुए स्टील के रॉड एवं चाकू से प्राणघातक वार करते हुए गंभीर चोट पहुंचाना स्वीकार किया गया। प्रकरण में दोनों आरोपियों को दिनांक 08 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आदेशानुसार जेल भेज दिया गया है।
आरोपियों के नाम – 1. भागवत बंजारे उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम भरूवाडीह थाना पलारी, 2. सोनिया बंजारे उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम भरूवाडीह थाना पलारी.
