सड़क सुरक्षा को लेकर जशपुर में अनोखा अभियान : स्माइली बैज और गुलाब से बदली सोच, न चालान, न डंडा ! जशपुर की सड़कों पर महिलाओं ने प्यार से सिखाया जीवन बचाने का सबक.

तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी आज सड़क दुर्घटनाओं का सबसे बड़ा कारण बनती जा रही है। इन्हीं दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कम्युनिटी पुलिसिंग के अंतर्गत जशपुरनगर के सजल ग्रुप महिला समूह ने दिनांक 11 जनवरी 2026 को कुनकुरी थाना क्षेत्र के मयाली के सड़क पर उतर कर एक प्रेरणादायी जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान महिलाओं ने राहगीरों एवं वाहन चालकों को यह समझाया कि हेलमेट और सीट बेल्ट कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे प्रभावी साधन है। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को बताया गया कि हेलमेट सिर की गंभीर चोटों से बचाता है और दुर्घटना की स्थिति में जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभाता है।

सजल ग्रुप की महिलाओं ने हेलमेट पहन कर वाहन चला रहे जागरूक नागरिकों का स्माइली बैज लगाकर स्वागत किया और उन्हें उदाहरण बना कर अन्य लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल स्वयं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे परिवार, समाज और राष्ट्र की सुरक्षा भी जुड़ी हुई है।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती रेखा सिंह की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। वहीं श्रीमती अभिलाषा गुप्ता द्वारा चालान एवं हेलमेट को लेकर प्रेरणादायक बातें बताई गई।

रौनियार महिला शक्ति की अध्यक्ष और सजल की सक्रिय सदस्य सीमा गुप्ता के अनुसार ‘यातायात सुरक्षा जागरूकता की शुरुआत घर से ही होती है, यदि महिलाएं ठान लें तो अपने घर के बच्चों और बड़ों को सुरक्षा के लिए सतर्क कर सकती हैं, उन्हें यातायात के नियमों का पालन करने के लिए जागरुक कर सकती हैं।‘

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि तेज गति, नशे की हालत में वाहन चलाना, गलत दिशा में ड्राइविंग और ट्रैफिक सिग्नल की अवहेलना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। महिलाओं ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Related posts