एक मामले में दो ट्रैक्टर में अवैध रूप से धान लोड कर, धान उपार्जन केंद्र में खपाने हेतु ले जा रहे थे, पुलिस ने सूजीबहार में अवैध धान के साथ धर दबोचा.
दूसरे मामले में झारखंड से पिक-अप में धान लोड कर, छत्तीसगढ़ ला रहे थे बिचौलिए, पुलिस ने चोंगरीबहार के पास पकड़ लिया.
दोनों ही मामलों में धान संबंधित दस्तावेज नहीं दिए जाने पर पुलिस ने वाहनों सहित धान को जप्त कर कार्यवाही हेतु सौंपा जिला प्रशासन को, दोनों ही मामले चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत के.
अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस कर रही लगातार कार्यवाही, अब तक 2200 क्विंटल से अधिक धान को पकड़ कर सौंप चुकी है जिला प्रशासन को.
जशपुर : धान खरीदी सीजन के बीच अवैध धान परिवहन और बिचौलियों की सक्रियता पर जशपुर पुलिस ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है। चौकी दोकड़ा क्षेत्र में लगातार सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में अवैध रूप से ले जाए जा रहे 123 क्विंटल धान को जब्त कर बिचौलियों की मंशा पर पानी फेर दिया। बिना दस्तावेजों के धान की तस्करी कर सरकारी उपार्जन व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन में धान के बिचौलिये अवैध रूप से धान को सरहदी राज्यों व राज्य के भीतर से धान को लाकर, छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश में लगे हुए हैं, परंतु जिला प्रशासन व पुलिस की टीम, अवैध धान परिवहन पर लगातार नजर रखी हुई है व धान बिचौलियों के विरुद्ध कार्यवाही भी कर रही है। इसी क्रम में जशपुर पुलिस के द्वारा चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत गत दो दिवस में अवैध धान परिवहन करते दो ट्रैक्टर व एक पिक-अप से कुल 306 बोरी में 123 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 13 जनवरी 2026 को दोपहर करीबन 12:15 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो बिना नंबर के संदिग्ध ट्रैक्टर वाहन में भारी मात्रा में धान लोड है, जिसे कि सूजीबहार से बगिया की ओर ले जाया जा रहा है। जिस पर चौकी दोकड़ा पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए, सूजीबहार के पास उक्त संदिग्ध दोनों ट्रैक्टर को रोका गया व ट्रैक्टर की तलाशी लेने पर उसमें क्रमशः 125- 125 नग कुल 250 नग धान बोरी लोड मिला। पूछताछ पर ट्रेक्टर चालकों ने अपना नाम क्रमशः यमन बेहरा उम्र 24 वर्ष व मुनेश्वर राम उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी ग्राम बगिया का रहने वाला बताया गया और बताया गया कि उनके द्वारा उक्त धान को बगिया क्षेत्रांतर्गत एक वेदांश राइस मिल से लोड कर चोंगरीबहार धान उपार्जन केंद्र ले जाया जा रहा था। जहां किसी अन्य किसान के टोकन पर धान को खपाने की तैयारी थी। जिस पर पुलिस के द्वारा दोनों ट्रैक्टर से 250 बोरी धान को जप्त कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया। जिला प्रशासन के द्वारा जब उक्त मामले में, वेदांश राइस मिल की जांच की गई, तो वहां राइस मिल का संचालक व उनका कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं थे। फोन के माध्यम से संपर्क करने पर उनका फोन बंद आ रहा था, जिला प्रशासन के टीम के द्वारा जांच के दौरान, मिल में धान के भंडारण में अनियमितता पाए जाने पर, मिल को सील कर दिया गया है।
वहीं दूसरा मामला दिनांक 14 जनवरी 2026 का है, जिसमें भी चौकी दोकड़ा पुलिस के द्वारा सुबह करीबन 03:00 बजे मुखबिर की सूचना पर झारखंड राज्य से अवैध रूप से धान ला रहे, एक संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक JH – FB – 3748 को चोंगरीबहार तीतरमारा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उक्त संदिग्ध पिक-अप में 56 बोरी में कुल 29 क्विंटल धान लोड मिला। पूछताछ में पिक-अप चालक ने अपना नाम जगरनाथ यादव, उम्र 42 वर्ष, निवासी कुरडेग, जिला सिमडेगा, का रहने वाला बताया तथा उक्त धान को झारखंड से लेकर कांसाबेल लेकर जाना बताया। पुलिस के द्वारा जब उससे धान से संबंधित दस्तावेजों की मांग की गई तो उसके द्वारा भी कोई दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका, जिस पर पुलिस के द्वारा संदेह के आधार पर उक्त संदिग्ध पिक-अप सहित उसमें लोड 56 बोरी में कुल 29 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है।
इस प्रकार पुलिस के द्वारा गत दो दिवस में दो ट्रैक्टर व एक पिक-अप से कुल 306 बोरी में 123 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व अवैध धान परिवहन करते वाहनों सहित धान को पकड़ने में चौकी प्रभारी दोकड़ा उपनिरीक्षक अशोक यादव, आरक्षक कुलकांत हंसरा व आरक्षक संजय साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोकड़ा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध धान परिवहन करते दो ट्रैक्टर व एक पिक-अप से 123 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा है, अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस लगातार नजर रखी हुई है, अब तक 2200 क्विंटल धान को पकड़ कर कार्यवाही हेतु जिला प्रशासन को सौंपा गया है, कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।
