गांव-गांव पुलिस की दस्तक ! कोयलारडीह में जन चौपाल ने हिलाया नशे का नेटवर्क, अब चुप नहीं रहेंगी महिलाएं ! लैलूंगा क्षेत्र में पुलिस-जन सहभागिता से शराब माफिया पर शिकंजा.

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धरमजयगढ़ श्री सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस द्वारा लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक श्री गिरधारी साव के नेतृत्व में दिनांक 15 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बरडीह के ग्राम कोयलारडीह में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को कानून एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।

थाना प्रभारी द्वारा ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी एवं यातायात नियमों के संबंध में विस्तार से समझाया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देना आवश्यक है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी ने जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि लैलूंगा थाना क्षेत्र के कई ग्रामों में महिलाएं स्वयं महिला समिति का गठन कर पुलिस के सहयोग से गांव को नशा-मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। लगातार आयोजित जन चौपालों के माध्यम से शराबबंदी को लेकर जागरूकता बढ़ी है, जिससे अवैध शराब पर प्रभावी अंकुश लग रहा है।

Related posts