गौ-वंश तस्कर पिक-अप में भर कर ले जा रहे थे गौ-वंशों को, पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी को मारी ठोकर, फिर हो गए पिक-अप छोड़कर फरार.
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक JH – 03- AR – 5441 को किया जप्त, फरार आरोपियों की पतासाजी जारी, मामला थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपी गौ तस्करों के विरुद्ध थाना दुलदुला में छ. ग. कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
ऑपरेशन शंखनाद के अंतर्गत जशपुर पुलिस लगातार कर रही है कार्यवाही, अब तक गौ तस्करी के 145 प्रकरणों में 243 गौ तस्करों को गिरफ्तार कर, 1406 से अधिक गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त करा चुकी है जशपुर पुलिस.
जशपुर : रात के सन्नाटे में जब तस्कर अपने मंसूबों को अंजाम देने निकले, तब जशपुर पुलिस की मुस्तैदी उनके आड़े आ गई। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत लगातार जारी सख्त कार्रवाई में दुलदुला क्षेत्र में पुलिस ने गौ-तस्करी की एक बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए 10 गौ-वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया। यह कार्रवाई न केवल कानून की ताकत दिखाती है, बल्कि गौ-संरक्षण के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है। इसी क्रम में दिनांक 15 जनवरी 2026 की रात्रि करीबन 1:30 बजे पुलिस की रात्रि गश्त टीम के द्वारा दुलदुला क्षेत्रांतर्गत, पिक-अप वाहन से परिवहन कर ले जा रहे,10 नग गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है।
दिनांक 15 जनवरी 2026 को थाना दुलदुला की पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि एक संदिग्ध पिक-अप वाहन में भारी मात्रा में गौ-वंश को भरा गया है। जिसे कि कुनकुरी की ओर से दुलदुला होते हुए, खूंटी टोली के रास्ते झारखंड राज्य की ओर ले जाया जा रहा है। जिस पर दुलदुला पुलिस की टीम के द्वारा मामले के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, तत्काल दुलदुला-आसनबहार-खूंटीटोली रोड पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रात्रि करीबन 1:30 बजे कुनकुरी की ओर से एक सफेद रंग का बोलेरो पिक-अप वाहन तेज गति से आता दिखाई देने पर, पुलिस के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, परंतु पिक-अप वाहन का चालक, पुलिस को देख, गाड़ी न रोककर, पुलिस की गाड़ी को ठोकर मार कर पिक-अप वाहन को तेजी से भगाने लगा, जिस पर पुलिस की टीम के द्वारा संदिग्ध पिक-अप वाहन का पीछा किया जाने लगा।
पुलिस को पीछा करते देख गौ तस्कर कुछ दूर जाकर अपनी पिक-अप वाहन को खेत में उतार कर, गौ-वंशों सहित पिक-अप वाहन को छोड़, अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस की टीम जब संदिग्ध पिक-अप वाहन के पास पहुंची, तो पाया कि पिक-अप में 10 नग गौ-वंशों को रस्सी से बांध कर, ठूंस-ठूंस कर भरा गया है, व उसके ऊपर प्लास्टिक के त्रिपाल को ढक दिया गया है। पुलिस की टीम के द्वारा सभी 10 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद कर, उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है। तस्करी में प्रयुक्त पिक-अप वाहन क्रमांक JH – 03- AR – 5441 को भी जप्त कर लिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पतासाजी कर रही है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

इस प्रकरण की कार्यवाही व गौ-वंशों की बरामदगी में थाना प्रभारी दुलदुला निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सामुदान टोप्पो, आरक्षक अलेक्सियुस तिग्गा, आरक्षक प्रमोद कुमार व आरक्षक राम प्रवेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर निरंतर निगाह बनाए हुई है, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है। दुलदुला क्षेत्रांतर्गत 10 नग गौ-वंशों को मुक्त कराते हुए एक पिक-अप को भी जप्त किया गया है, फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी है।
