कोयला माफिया का खेल बेनकाब : प्रति गाड़ी 60 हजार की डील, खदान में सेटिंग का दावा कर 2.30 लाख का कोयला उड़ाया, ट्रक सहित चोरी का माल जब्त,  तीन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार.

दिनांक 16 जनवरी 2026 को जगन्नाथपुर ओपन कास्ट के मैनेजर माईनिंग ने चौकी खड़गवां में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि दिनांक 15 जनवरी 2026 को प्रदाय डीओ क्रमांक 3330075933 ग्रेड जी-9 का कोयला एफएसए (फ्यूल सप्लाई एग्रीमेंट) में केएसके महानदी पावर कंपनी लिमिटेड को 20 हजार टन दिया गया है। जिसका कोयला उठाने दोपहर में अधिकृत लिफ्टर के द्वारा ट्रक ट्राला क्रमांक सीजी 10 बीएल 9649 नियमानुसार खदान के अंदर कराया गया था। यह गाडी कांटा नहीं करा कर सीधा कोयला स्टाक यार्ड में कोयला लोड कराया और बिना वजन कराये खदान के गेट से सीएचपी/डब्ल्यूडब्ल्यूएस गाडी के पीछे सटा कर लोड ट्रक करीब 40 टन कोयला कीमती करीब 1 लाख 90 हजार रूपये का चोरी कर लिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 19/26 धारा 305(ख), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

प्रकरण की सूचना पर डीआईजी व एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की पतासाजी कर जल्द पकड़ माल बरामद करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन व डीएसपी अनूप एक्का के मार्गदर्शन में चौकी खड़गवां पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान मुखबीर की सूचना पर कोयला लोड ट्रक ट्राला क्रमांक सीजी 10 बीएल 9649 को चठिरमा स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से बरामद किया गया, जिसमें 43 टन कोयला लोड़ था, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 30 हजार रूपये है। खदान में लगे सीसीटीव्ही कैमरा एवं लोगों से पूछताछ के आधार पर संदेही (1) निरज यादव पिता संतोष यादव उम्र 20 वर्ष ग्राम खडगवांकला झीगापारा चौकी खडगवां, (2) मनीष यादव पिता स्व. पुखराज यादव उम्र 21 वर्ष, (3) आशीष यादव पिता राजकुमार यादव उम्र 19 वर्ष तीनों निवासी ग्राम खडगवांकला झीगापारा चौकी खडगवां को पकड़ा गया।

पूछताछ पर तीनों ने बताया कि बिलासपुर निवासी एक व्यक्ति के द्वारा खदान से कोयला चोरी करने की बात कह कर प्रति गाड़ी 60 हजार रूपये देने की बात कह कर 2 गाड़ी का 1 लाख 20 रूपये मोबाईल से दिया था और खदान में सेटिंग होने की बात कही थी। पैसा लेने के उपरान्त तीनों आरोपियों के द्वारा दिनांक 15 जनवरी 2026 को दोपहर में ट्रक ट्राला क्रमांक सीजी 10 बीएल 9649 को लेकर खदान के अंदर गए और कोयला चोरी कर ट्राला लोड़ कर वहां से निकले और उसे चठिरमा स्थित पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर भाग निकले। इस मामले में पुलिस के द्वारा ट्रक ट्राला, 43 टन चोरी का कोयला, 3 नग मोबाईल जप्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में फरार अन्य आरोपी की पतासाजी की जा रही है।

Related posts