गणतंत्र दिवस 2026 : छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मुख्य अतिथियों की सूची जारी, मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री-सांसद करेंगे ध्वजारोहण
रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर राज्यभर में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोहों के लिए मुख्य अतिथियों की अधिकृत सूची जारी कर दी है। जारी आदेश के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद एवं विधायक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। यह आदेश नवा रायपुर अटल नगर से 21 जनवरी 2026 को जारी किया गया है।
आदेश के मुताबिक, राज्य के प्रमुख जिलों में वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिलासपुर जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय स्वयं मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे। वहीं दुर्ग में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साह, बस्तर में उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, सरगुजा में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा तथा राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। रायपुर जिले में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल को यह दायित्व सौंपा गया है।
इसके अतिरिक्त महासमुंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, जांजगीर-चांपा में मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, कोरबा में मंत्री श्री लखनलाल देवांगन, कोरिया में विधायक श्री भूपेश राजवाड़े, धमतरी में विधायक श्री अजय चंद्राकर, कांकेर में सांसद श्री भोजराज नाग, बेमेतरा में सांसद श्री विजय बघेल तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सांसद श्री संतोष पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी तरह अन्य जिलों में भी मंत्री, सांसद एवं विधायक गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाएंगे।
शासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक जिले में कार्यक्रम का निर्धारण एवं आयोजन मुख्य अतिथि की सहमति से किया जाएगा। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय, सुव्यवस्थित और परंपरागत रूप से संपन्न कराया जाए, जिसमें परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शासकीय योजनाओं की झलक प्रमुख रूप से दिखाई दे।

