रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक आदेश जारी करते हुए राज्य शासन के द्वारा श्री आर. कृष्णा दास को माननीय मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति 22 जनवरी 2026 से प्रभावशील मानी जाएगी। शासन आदेश में उल्लेख है कि श्री आर. कृष्णा दास, पिता स्व. श्री के. राम दास, वर्तमान में एचआईजी डीलक्स-37, सेक्टर-8, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सड्डू, रायपुर में निवासरत हैं।
आदेश के तहत श्री दास माननीय मुख्यमंत्री को मीडिया एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर परामर्श प्रदान करेंगे। शासन ने स्पष्ट किया है कि सलाहकार के रूप में श्री दास को प्रतिमाह मानदेय के साथ उन्हें अन्य सुविधाएं राज्य शासन के विशेष सचिव के समकक्ष प्राप्त होंगी।
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार जारी किया गया है, जिस पर सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर किए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों, सचिवालय, महालेखाकार कार्यालय, राज्य सुरक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही एवं सूचना हेतु प्रेषित की गई है।
राजनैतिक और प्रशासनिक हलकों में इस नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि श्री आर. कृष्णा दास की भूमिका मुख्यमंत्री को रणनीतिक एवं मीडिया से जुड़े मामलों में सलाह देने की होगी, जिससे शासन की नीतियों और निर्णयों के प्रभावी संप्रेषण में मजबूती आने की उम्मीद जताई जा रही है। मीडिया और राजनीति से जुड़े महत्वपूर्ण लोगों ने इस नियुक्ति का स्वागत किया है और उन्हे शुभकामनाए एवं बधाई दी है।

