रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा राज्य प्रशासनिक एवं पुलिस व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों की नवीन पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं। 22 जनवरी 2026 को नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय, महानदी भवन से जारी इस आदेश के तहत राज्य के विभिन्न जिलों एवं इकाइयों में पदस्थापित 15 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। यह सभी पदस्थापनाएं आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावशील रहेंगी।
जारी आदेश के अनुसार पुलिस महकमे में अनुभव और प्रशासनिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। श्री संजीव शुक्ला को पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज से स्थानांतरित कर पुलिस आयुक्त, रायपुर नगर नियुक्त किया गया है। वहीं श्री रामगोपाल को दुर्ग रेंज से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्री अभिषेक शांडिल्य को राजनांदगांव रेंज से स्थानांतरित कर पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज बनाया गया है।
इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय में पदस्थ श्री बालाजी राव को पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज नियुक्त किया गया है। श्री अमित तुकाराम कांबले को कांकेर से हटाकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, रायपुर नगर बनाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी बदलाव करते हुए श्री लाल उमेद सिंह को रायपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर, तथा श्री शशि मोहन सिंह को जशपुर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़ पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी व्यापक फेरबदल किया गया है। श्री दिव्यांग पटेल को रायगढ़ से पुलिस अधीक्षक, रेल रायपुर नियुक्त किया गया है। वहीं श्री उषेश प्रसाद गुप्ता को पुलिस उपयुक्त (मध्य), रायपुर नगर, श्री संदीप पटेल को पुलिस उपयुक्त (पश्चिम), रायपुर नगर, और श्री मयंक गुर्जर को पुलिस उपयुक्त (उत्तर), रायपुर नगर की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा श्री विकास कुमार को पुलिस उपयुक्त (ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल), तथा श्री राजनाला स्मृतिक को पुलिस उपयुक्त (क्राइम एवं साइबर), रायपुर नगर नियुक्त किया गया है। श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा को पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण बनाया गया है, जबकि श्री इशु अग्रवाल को नगर पुलिस अधीक्षक, आजाद चौक से हटाकर पुलिस सहायक आयुक्त, आजाद चौक, रायपुर नगर पदस्थ किया गया है।
यह आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से तथा उनके आदेशानुसार गृह (पुलिस) विभाग के सचिव हिमांशु गुप्ता द्वारा जारी किया गया है। प्रशासनिक हलकों में इस बड़े स्तर के पुलिस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

