मनरेगा बचाओ संग्राम को धार : कांग्रेस का ऐलान—30 जनवरी को चक्का जाम, 31 जनवरी से 7 फरवरी तक कलेक्ट्रेटों में प्रदर्शन

कांग्रेस की मनरेगा बचाओ समन्वय समिति की बैठक संपन्न

30 जनवरी को धान खरीदी की तिथि बढ़ाने को लेकर चक्का जाम

31 जनवरी से 7 फरवरी तक सभी जिला कलेक्ट्रेट में मनरेगा को लेकर प्रदर्शन

रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं मनरेगा बचाओ समन्वयक उमेश पटेल के उपस्थिति में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश स्तर पर गठित समन्वय समिति की बैठक संपन्न हुआ। बैठक में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत जिला, ब्लाक, मंडल स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

बैठक के माध्यम से मनरेगा बचाओ आंदोलन को और अधिक प्रभावी, सशक्त एवं जनहितकारी बनाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश तय किये गये, तथा मनरेगा बचाओ संग्राम की आगामी रणनीति, कार्यक्रमों के समन्वय तथा संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही धान खरीदी की अव्यवस्था और किसानों की परेशानी पर आंदोलन का निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि प्रदेश में धान ख़रीदी को लेकर किसानों को हो रही परेशानी को लेकर तथा धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर 30 जनवरी को प्रदेश, जिला और ब्लॉक में चक्का जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत प्रदेश कांग्रेस 31 जनवरी से 7 फरवरी तक सभी जिलों के कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सरकार धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी रखी है, लेकिन 10 दिन पहले से ही टोकन जारी करना बंद कर दिया है, जिन किसानों को टोकन जारी हुआ है उनका धान भी नहीं खरीदा जा रहा है, हर संग्रहण केंद्र में उठाव नहीं होने से तौलाई की समस्या बनी हुई है, कई किसानों के तो एक बार भी टोकन नहीं कटे हैं, ऐसे में अब धान बेचने के लिए किसानों के पास महज 3 दिन ही बचे हैं और इस सरकार की दुर्भावना के चलते किसानों की समस्या जस की तस बनी हुई है, प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रभावित किसानों के साथ उनकी मांगों के समर्थन में आगामी 30 जनवरी को पूरे प्रदेश में चक्का जाम करके इस किसान विरोधी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं मनरेगा बचओ समन्वयक उमेश पटेल, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिहं गैदू, सदस्यगण जें.पी श्रीवास्तव, बीरेश ठाकुर, संदीप साहू, अमरजीत चावला, दीपक दुबे, भुनेश्वर बघेल, प्रमोद दुबे, विजय केशरवानी, शैलेश नितिन त्रिवेदी, संजीव शुक्ला उपस्थित थे।

Related posts