पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित, सहयोगी साथी को भी किया गिरफ्तार, मामला थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत का.
आरोपियों के विरुद्ध थाना बगीचा में बीएनएस की धारा 137(2),70(2) व पॉस्को एक्ट की धारा 4, 6 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध.
नाम गिरफ्तार आरोपी क्रमशः – 1. सुरेश यादव उम्र वाले 26 वर्ष, 02. संजय यादव उम्र 21 वर्ष
जशपुर : जशपुर जिले में नाबालिग बालिका के साथ हुए जघन्य अपराध के मामले में जशपुर पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए बड़ी कार्यवाही की है। थाना बगीचा क्षेत्र में हुए दुष्कर्म के इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्यवाही महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर जशपुर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 03 फरवरी 2026 को थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 16 वर्षीय नाबालिग पीड़िता ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 24 जनवरी 2026 से वह, थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत ही ग्राम में अपने मामा के यहां आई हुई थी। कि दिनांक 02 फरवरी 2026 को वह अपने भाई के साथ मामा के गांव के एक पड़ोसी गांव में करमा नाचने गई हुई थी। इसी दौरान रात्रि करीबन 11:00 बजे के लगभग आरोपी सुरेश यादव उम्र 26 वर्ष का पीड़िता के पास फोन आया, व वह पीड़िता से मिलना चाहता था, चूंकि सुरेश यादव नाबालिग पीड़िता का परिचित था, अतः पीड़िता उससे मिलने के लिए तैयार हो गई व अपनी एक सहेली के साथ आरोपी सुरेश यादव से मिलने हेतु बाहर आ गई। आरोपी सुरेश यादव अपनी मोटर साइकल में था तथा उसके द्वारा नाबालिग पीड़िता को जबरन अपनी मोटर साइकल में बैठा कर, एक सुने मकान में ले जाया गया व नाबालिग पीड़िता के मना करने के बावजूद, जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी सुरेश यादव का साथी आरोपी संजय यादव उम्र 21 वर्ष, उक्त सुने मकान के बाहर पहरेदारी कर रहा था, इसी दौरान नाबालिग पीड़िता के परिजनों के नाबालिग पीड़िता को खोजते हुए, घटना-स्थल पर आ जाने पर, दोनों आरोपी क्रमशः सुरेश यादव व संजय यादव, पीड़िता को सुने मकान में छोड़ कर फरार हो गए।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल नाबालिग पीड़िता की रिपोर्ट पर, थाना बगीचा में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 137(2),70(2) व पॉस्को एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था तथा नाबालिग पीड़िता का डॉक्टर से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है।
थाना बगीचा पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों को उनके घर से हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की पूछताछ पर दोनों आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। तथा उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल व मोबाइल फोन को भी पुलिस के द्वारा जप्त किया गया है।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना बगीचा से सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार पैंकरा, सहायक उपनिरीक्षक उमेश प्रभाकर, सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह व आरक्षक अरुण राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिलाओ व बच्चों से सम्बन्धित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है, थाना बगीचा क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है, ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
