छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत एनईएस पीजी कॉलेज जशपुर में सीएसपीडीसीएल का भव्य जागरूकता कार्यक्रम—25 वर्षों की उपलब्धियों से लेकर ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ तक की दी गई जानकारी

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव एनईएस पीजी कॉलेज में सीएसपीडीसीएल का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जशपुर : छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा शासकीय राम भजन राय एनईएस पीजी कॉलेज, जशपुर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सीएसपीडीसीएल की 25 वर्षों की उपलब्धियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मोर बिजली ऐप एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी छात्र-छात्राओं को दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने हेतु नारा लेखन, पेंटिंग, रंगोली एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका जशपुर के अध्यक्ष श्री अरविंद भगत एवं उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र उपस्थित थे। अपने उद्बोधन में श्री अरविंद भगत ने सीएसपीडीसीएल द्वारा प्रदत्त सेवाओं की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से ऊर्जा संरक्षण अपनाने तथा जिम्मेदार उपभोक्ता बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सीएसपीडीसीएल के श्री यतीन्द्र गुप्ता द्वारा बिजली के सदुपयोग एवं व्यवस्था सुधार पर आधारित प्रेरणादायक गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारी के विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। मंच संचालन श्री दौलत राम चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता श्री सत्यप्रकाश कुमार, कार्यपालन अभियंता श्री विनोद पंडित, सहायक अभियंता श्री लुकमान खान तथा कनिष्ठ अभियंता श्री दिनेश त्रिपाठी सहित सीएसपीडीसीएल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related posts