छत्तीसगढ़ में शुरू हो रहा स्मार्ट मीटर पखवाड़ा : अब मोबाइल बताएगा आपकी बिजली खपत ! बिजली बिल पर पूरा कंट्रोल, गांव-शहर में स्मार्ट मीटर को लेकर बड़ा अभियान शुरू.

स्मार्ट मीटर की सुविधा का लाभ उठाने के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी उपभोक्ताओं को जागरुक करेगी। इसमें उन्हें अपने मोबाइल के माध्यम से स्मार्ट मीटर में दर्ज खपत को देखने और उनके अनुसार ऊर्जा की बचत करने के तरीके सिखाया जाएगा। इसके लिए 9 से 23 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के निर्देशानुसार 9 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक देशभर में स्मार्ट मीटर पखवाड़ा का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य वितरण कंपनियों की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी विद्युत सेवाएँ प्रदान करना है।

देश भर में अब तक 5 करोड़ से अधिक प्रीपेड स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। छत्तीसगढ़ में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेजी से चल रहा है। स्मार्ट मीटर पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं में स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूकता, विश्वास और स्वीकृति को बढ़ावा देना है। पखवाड़े के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज द्वारा उपभोक्ताओं को प्रीपेड स्मार्ट मीटर के लाभों की जानकारी दी जाएगी। इसमें अग्रिम भुगतान की सुविधा, रीयल-टाइम बैलेंस की जानकारी, बिजली खपत पर बेहतर नियंत्रण, सही एवं पारदर्शी बिलिंग, विवादों में कमी, लो-बैलेंस एवं असामान्य खपत की सूचना, आसान रिचार्ज सुविधा तथा सेवा गुणवत्ता में सुधार सम्मिलित हैं।

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस अवधि में उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से संबंधित मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि स्मार्ट मीटर से मिलने वाले लाभ उपभोक्ताओं को सीधे दिखाई दें। जिन घरों में इस दौरान स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे, वहाँ डेमोस्ट्रेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे।

Related posts