जागरूकता से सुरक्षा तक : 37 वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह ने बदली तस्वीर, सरगुजा में सड़क हादसों में 32% की गिरावट ! एक महीने के अभियान का बड़ा असर, हेलमेट, लाइसेंस और जागरूकता से बचे सैकड़ों जीवन.

पुलिस मुख्यालय रायपुर के दिशा निर्देशन में सड़क हादसों में कमी लाने और यातायात नियमों के पालन कराने हेतु 01 जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक 37 वाँ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन जिले किया गया। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम सहित वाहन चालकों परिचालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। 01 जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक चले जागरूकता कार्यक्रम का समापन पीजी कॉलेज स्थित ऑडिटोरियम में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सरगुजा श्री अजीत बसंत (भा.प्र.से), डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.), सभापति नगर निगम श्री हरमिन्दर सिंह टिन्नी एवं महापौर अंबिकापुर श्रीमती मंजूषा भगत की गरिमामयी उपस्थिति में 37 वाँ सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम 2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। समापन समारोह में माह भर सरगुजा पुलिस द्वारा आमनागरिकों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूकता लाने हेतु किये गए प्रयासों के सम्बन्ध में जानकारी दी गई। यातायात जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के प्रत्येक ब्लॉक में यातायात पुलिस टीम द्वारा आमनागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता उत्पन्न किये जाने हेतु कार्यक्रम आयोजित किये गये, सड़क सुरक्षा माह के दौरान कई जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कार्यक्रम के दौरान अपने उद्बोधन में कहा कि यातायात पुलिस एवं निगम का पुराना साथ रहा है, दोनों विभाग एक दूसरे के पूरक एवं सहयोगी के रूप में कार्य करते रहे हैं, साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का निरंतर प्रयास कर रहे है। अंबिकापुर महापौर ने कहा कि यातायात नियमों के पालन करने की शुरुवात खुद से शुरू करनी चाहिए, जब खुद से शुरुवात होंगी तो प्रत्येक नागरिक अपने आदतों में बदलाव लाएंगे और समाज में सकरात्मक सुधार प्रदर्शित होगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में कमी लायी जा सकेगी।

समापन समारोह के दौरान कलेक्टर सरगुजा श्री अजीत बसंत ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के माध्यम से  पिछले 01 माह में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गए हैं, सड़क सुरक्षा नागरिकों के व्यवहार में शामिल होना चाहिए, सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता में नागरिकों की भागीदारी महत्वपूर्ण है, हाल ही में जिले में मैनपाट महोत्सव का आयोजन किया जाना है, जिसमें काफी संख्या में जिले एवं बाहर से आए नागरिक शामिल होंगे,  हमें ऐसे प्रयास करना होगा कि महोत्सव के दौरान सड़क दुर्घटना के मामले सामने ना आए, कलेक्टर सरगुजा ने बताया कि रिंग रोड में गाड़ियों की अनाधिकृत पार्किंग रोकने सहित ट्रैफिक को निर्बाध बनाये रखने संयुक्त कार्यवाही की जायगी एवं सभी के सार्थक प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लायी जायगी।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किया गया, इन कार्यक्रमों से लगभग हजारों नागरिकों को यातायात के नियम एवं सुरक्षा के मापदंड की विस्तृत जानकारी दी गई है। बैनर पोस्टर एवं यातायात जागरूकता रथ के जरिये नागरिकों को प्रेरित किया गया, स्कूल कॉलेज के बसों की चेकिंग की गई। उपरोक्त कार्यक्रम में परिवहन विभाग की महती भागीदारी थी। पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा मिल कर लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन कराया गया, जिसमें लगभग 1100 लोगों ने अपना लर्निंग लाइसेंस बनवा कर योजना का लाभ उठाया, सारथी दिवस के दिन यातायात पुलिस द्वारा अच्छे चालकों को पुरुस्कृत किया गया। नि:शुल्क हेलमेट वितरण का कार्य किया गया, सरगुजा पुलिस को 200 हेलमेट दान में प्राप्त हुआ था, जिससे जरुरतमंद नागरिक लाभान्वित हुए हैं।

इन सभी सार्थक प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में 32% की प्रभावी कमी लाइ गई है, भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने एवं नागरिकों में यातायत के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने लगातार कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

नगर निगम सभापति श्री हरमिन्दर सिंह टिन्नी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा से सम्बंधित जन उपयोगी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम नागरिकों को लाभान्वित करते हैं, प्रत्येक परिवार अपने घर के सदस्यों की सुरक्षित वापसी की चिंता करते हैं, छोटे-छोटे उपायों एवं अनुशासन से सड़क दुर्घटना के मामलों को कम किया जा सकता है। जागरूकता कार्यक्रम में मिली सीख को याद रखने की आवश्यकता है, सड़क सुरक्षा माह के दौरान हजारों नागरिकों को जागरूक किया गया है, जो प्रशंसनीय है। सेवा किटी समूह द्वारा हेलमेट बैंक की स्थापना कर जरूरतमंद नागरिकों को सहयता दी जा रही है, श्री हरमिन्दर सिंह टिन्नी द्वारा 51 हेलमेट उक्त ‘हेलमेट बैंक’ में दान करने की जानकारी दी गई।

यातायात जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस कैडेट्स, छात्र-छात्राओं, बच्चों, एवं डायल 112 ड्राइवर, डायल 102 महतारी एक्सप्रेस के ड्राइवर, जिला अस्पताल के वाहन चालक, पुलिस विभाग के वाहन चालक, ऑटो वाहन चालक, गुड सेमेरिटन, पुलिस मितान के सदस्यों सहित विभिन्न कार्यक्रमों के जरिये जागरूकता उत्पन्न करने वाले विद्यालयीन 100 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिये यातायात जागरूकता का सन्देश भी दिया गया। कार्यक्रम के अंत में जरुरतमंद व्यक्तियों को जागरूकता के उद्देश्य से हेलमेट प्रदान कर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की गई।

Related posts