एक समझौते ने बदल दी तस्वीर : सरकारी कर्मचारियों के लिए मेगा सुरक्षा पैकेज ! अब सैलरी अकाउंट से जुड़ा करोड़ों का बीमा लाभ, ट्रांसमिशन कर्मचारियों को टर्म इंश्योरेंस से एयर एक्सीडेंट कवर तक बड़ा फायदा.

छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी एवं बैंक आफ महाराष्ट्र के बीच ट्रांसमिशन कंपनी के नियमित कर्मचारियों के लिए उन्नत सैलरी पैकेज (gov pride salary savings scheme) हेतु समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया। यह समझौता प्रबंध निदेशक ट्रांसमिशन श्री आरके शुक्ला और बैंक आफ महाराष्ट्र के जोनल मैनेजर श्री वी. वेंकटेश की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कंपनी के नियमित कर्मचारियों को बैंकिंग की व्यापक सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से प्रबंधन द्वारा यह एमओयू किया गया। इस योजना से ट्रांसमिशन कंपनी के नियमित 1700 कर्मचारियों को अब न केवल बेहतर बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी बल्कि व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, हवाई दुर्घटना बीमा, स्थायी पूर्ण विकलांगता कवर, टर्म इंश्योरेंस, गोल्डन आवर कैशलेस ट्रीटमेंट, बालिका विवाह लाभ, बच्चों की उच्च शिक्षा लाभ जैसे अतिरिक्त सुविधाएं भी प्राप्त किए जा सकेंगे।

नियमित कर्मचारियों को इस ‘‘गवर्नमेंट प्राइड सेविंग्स सैलरी स्कीम’’ खाते से जोड़ कर उन्हें एक ही छत के नीचे उन्नत, निःशुल्क और व्यापक बैंकिंग सुविधाएं दिया जाएगा। कंपनी के कर्मचारियों को चार श्रेणियों जैसे सिल्वर (30,000-60,000), गोल्ड (60,000-1,00,000), प्लेनिटनम (1,00,000-1,50,000) एवं डायमंड(1,50,000 से उपर) वेतनभोगियों को श्रेणी अनुसार सुविधाओं का लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को इस योजना के अंतर्गत 10 लाख रूपये तक का टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ 25 लाख रूपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर एवं हवाई दुर्घटना बीमा में 1 करोड़ रूपए का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा स्वास्थ्य बीमा पर टॉप-अप जैसी वैकल्पिक सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी।

Related posts