Bharatiya Janata Party की संयुक्त बैठक में बड़ा फैसला: Kiran Dev बोले—सातों मोर्चे बनेंगे सरकार और जनता के बीच मजबूत ‘सेतु’

रायपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा है कि भाजपा एक जीवंत संगठन है, जो वर्षभर सक्रिय रहती है। पार्टी के सभी सात मोर्चों के गठन के पश्चात सोमवार को हुई यह पहली महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक थी, जिसमें जिला स्तर से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। इस बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। सोमवार को राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सभी मोर्चों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की प्रदेशस्तरीय संयुक्त बैठक के बाद श्री देव पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री देव ने कहा कि बैठक में पार्टी के सभी कार्यक्रमों और सरकार की योजनाओं को केवल कार्यकर्ताओं तक ही सीमित न रखकर, आम जनता तक पहुँचाने का आग्रह किया गया है। इसके लिए ‘चौपालों’ के माध्यम से संवाद स्थापित किया जाएगा। इसी तरह विकसित भारत-जी राम जी, बजट और विकास पर चर्चा कर केंद्र और राज्य सरकार के बजट की बारीकियों और जनहितैषी प्रावधानों को जनता के बीच ले जाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जमीनी स्तर पर हर व्यक्ति तक पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। श्री देव ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी सात मोर्चे मिलकर एक ‘सेतु’ के रूप में कार्य करेंगे और सरकार व संगठन के बीच सामंजस्य बिठाते हुए जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे।

Related posts