दिनांक 16 फरवरी 2026 को रात्रि में नाटक देखकर अकेली घर लौट रही नाबालिग बालिका से किया था जबरन दुष्कर्म,नाबालिग बालिका को अचेत छोड़कर हो गए थे फरार.
आरोपियों के विरुद्ध थाना बागबहार में बीएनएस की धारा 138,70(2) एवं 4,6 पॉस्को एक्ट के तहत् अपराध पंजीबद्ध.
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने आरोपियों को पकड़ने बनाई थी, विशेष पुलिस टीम, टीम ने पत्थलगांव व सीतापुर क्षेत्र से ढूंढ निकाला दो आरोपियों को
नाम गिरफ्तार आरोपी क्रमशः -01. सत्यप्रकाश यादव उम्र 28 वर्ष, 02. पीताम्बर लहरे उम्र 30 वर्ष.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकल को भी किया जप्त.
मामले में एक और आरोपी है फरार, पुलिस ने कर लिया है चिन्हित, पतासाजी जारी, शीघ्र किया जाएगा गिरफ्तार.
जशपुर : डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में जशपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के संवेदनशील मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद विशेष टीम गठित कर पत्थलगांव और सीतापुर क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां से आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल भी जब्त की है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है—महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम की 17 वर्षीय नाबालिग पीड़िता दिनांक 16 फरवरी 2026 की रात्रि थाना बागबहार क्षेत्रान्तर्गत ही एक ग्राम में नाटक कार्यक्रम देखने गई थी, जहां से देर रात तक वापस घर नहीं आने पर पीड़िता के परिजनों एवं रिश्तेदारों द्वारा खोज बीन किया जा रहा था। उसी दौरान दिनांक 17 फरवरी 2026 की रात्रि में बिजली सब स्टेशन के पास रोड के पास पीड़िता अचेत अवस्था में पड़ी थी, जिसे ग्रामीणों के सहयोग से स्थानीय शासकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के पश्चात् पीएचसी पत्थलगांव रिफर करने पर पत्थलगांव अस्पताल में पीड़िता का ईलाज किया जा रहा था। इलाज के दौरान पीड़िता ने अपनी मां को बताया कि दिनांक 16 फरवरी 2026 की रात में पीड़िता, नाटक देख कर पैदल घर वापस आ रही थी, तभी रास्ते में दो अज्ञात व्यक्ति उसे घर पहुंचा देगें कह कर बहला फुसला कर अपने मोटर सायकल में बैठा कर जबरदस्ती जंगल तरफ ले गये और वहां दोनों लड़कों द्वारा पीड़िता के साथ बारी बारी से जबरन दुष्कर्म किया गया।
मेडिकल रिपोर्ट व मां के बताए अनुसार पुलिस के द्वारा थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 138,70(2)एवं 4,6 पॉक्सो एक्ट के अतंर्गत शून्य में प्रथम सूचना रिपोर्ट पंजीबद्ध कर, मामला थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत होने से प्रकरण को जांच विवेचना हेतु थाना बागबहार स्थानांतरित करने पर थाना बागबहार में धारा सदर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों की पता तलाश हेतु डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर तकनीकी एवं स्थानीय थाना से विशेष टीम गठित की गई थी। मामले की जांच व आरोपियों की पतासाजी जारी थी।
विवेचना के दौरान पुलिस को पीड़िता ने बताया था कि आरोपी एक काला गुलाबी रंग की मोटर साइकल में थे, एक संदिग्ध मोटर साइकल के संबंध में हिंट मिलने पर, पुलिस ने उक्त दिशा में अपने जांच को जारी रखा व आसपास के एरिया में पीड़िता के बताए अनुसार संदिग्ध कलर की जितनी भी मोटर साइकल थी, उनके स्वामियों से पुलिस के द्वारा पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से एक संदिग्ध पल्सर मोटर साइकल पर संदेह होने पर, उसके स्वामियों से पूछताछ पर संदिग्ध सत्यप्रकाश यादव को थाना पत्थलगांव क्षेत्र से ढूंढ कर हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में संदिग्ध सत्यप्रकाश यादव के द्वारा प्रारंभ में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया, परंतु पुलिस की मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे वह झुक गया व अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उक्त घटना दिनांक को वह भी थाना बागबहार क्षेत्रांतर्गत एक ग्राम में नाटक का कार्यक्रम को देखने गया था। इसी दौरान नाटक देख कर कर वह अपनी पल्सर मोटर साइकल से अपने तीन साथियों के जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में उसे एक लड़की अकेले जाती हुई मिली, जिस पर आरोपी सत्प्रकाश यादव की नियत खराब होने पर वह, अपने साथियों को कुछ दूरी पर छोड़ कर वापस मोटर साइकल से, पीड़ित बालिका के पास आया व उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, फिर कुछ समय पश्चात उसके साथियों को भी लेकर पीड़ित नाबालिग बालिका के पास लौटा व उसके साथियों ने भी नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म किया, इस दौरान नाबालिग बालिका के अचेत हो जाने पर, आरोपी बालिका को छोड़ कर मोटर सायकल से फरार हो गए थे।
पुलिस ने संदिग्ध आरोपी सत्यप्रकाश यादव को हिरासत में लेकर, उसका पीड़िता से पहचान की कार्यवाही भी की गई थी, पीड़िता के द्वारा संदिग्ध सत्य प्रकाश को पहचानने पर, उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटर साइकल को जप्त करते हुए, पर्याप्त सबूत पाए जाने पर दिनांक 25 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
गिरफ्तार आरोपी सत्य प्रकाश यादव की निशान देही पर पुलिस ने मामले में संलिप्त अन्य दो आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया था, जिसमें से एक आरोपी संदिग्ध पीताम्बर लहरे को, जो कि घटना दिनांक आरोपी सत्य प्रकाश यादव व उसके साथी के साथ था, को आज दिनांक 28 फरवरी 26 को थाना सीतापुर क्षेत्र से ढूंढ कर हिरासत में लेकर, अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
मामले में संलिप्त एक अन्य मुख्य आरोपी को भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है जो कि घटना दिनांक से फरार है, जिसकी पता साजीजारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
इस प्रकरण की कार्यवाही व दुष्कर्मियों की गिरफ्तारी में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक नारायण साहू, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, प्रधान आरक्षक लव कुमार चौहान, प्रधान आरक्षक अरविंद पैंकरा, आरक्षक अभय खेस, आरक्षक अनिक चौहान, आरक्षक पवन पैंकरा, आरक्षक यशवंत सिंदार, आरक्षक योगेंद्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रकरण के बारे में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना बागबाहर क्षेत्रांतर्गत, नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है, मामले का एक आरोपी फरार है, जिसे भी पुलिस ने चिन्हित कर लिया है, उसकी तलाश जारी है, जिसे भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा। महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है, ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जावेगा।
