युवा शक्ति ने संभाली लोकतंत्र की कमान: कुनकुरी में आयोजित युवा संसद में ‘आपातकाल के 50 वर्ष’ पर गूंजे विचार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच विकसित भारत के संकल्प को मिला सशक्त मंच

कुनकुरी में गूंजा ‘विकसित भारत’ का स्वर: युवा संसद में लोकतंत्र, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण पर युवाओं ने रखे दमदार विचार

कुनकुरी : विकसित भारत युवा संसद 2026 का प्रेरक आयोजन शासकीय बालासाहेब देशपांडे महाविद्यालय के निर्देशन में लोयोला महाविद्यालय, कुनकुरी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए इस आयोजन ने पूरे परिसर को राष्ट्रभावना से ओतप्रोत कर दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष श्री सालिक साय उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत कुनकुरी के पार्षद श्री अमन शर्मा और श्री श्रीनायक मिश्रा ने मंच की शोभा बढ़ाई। छत्तीसगढ़ी और संबलपुरी गीतों पर आधारित पारंपरिक सामूहिक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सांस्कृतिक विविधता और एकता की जीवंत झलक पेश की। स्थानीय वेशभूषा और लोक धुनों पर थिरकते युवाओं ने दर्शकों का मन मोह लिया।

भारत सरकार के युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा इस वर्ष की थीम “आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” निर्धारित की गई। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया गया। विभिन्न महाविद्यालयों से आए युवाओं ने आपातकाल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके प्रभाव और लोकतांत्रिक मूल्यों पर पड़े परिणामों का गंभीर विश्लेषण प्रस्तुत किया। युवाओं की तार्किक सोच और प्रभावशाली वक्तव्य ने कार्यक्रम को जीवंत और विचारोत्तेजक बना दिया।

मुख्य अतिथि श्री सालिक साय ने विद्यार्थियों को शिक्षा और अनुशासन के महत्व पर बल देते हुए निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथियों ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को निर्णायक बताते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनायक साय ने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और तर्कशक्ति का विकास करते हैं तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। राहुल कश्यप, कर्मा सन्यासी, अंजु यादव, गोपाल बंजारा और माही साहू राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. रामानुज प्रताप सिंह धुर्वे (कार्यक्रम अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना) एवं डॉ. किशोर मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संचालन प्रो. जे.एच. टोप्पो, श्री धनेश्वर राम विश्वकर्मा एवं डॉ. संगीता यादव ने किया। अंत में प्रो. जे.एच. टोप्पो ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह आयोजन न केवल युवाओं के विचारों का मंच बना, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और विकसित भारत के संकल्प को भी सशक्त स्वर प्रदान कर गया।

Related posts