होली से पहले तस्करों पर ‘ऑपरेशन आघात’ : ‘पुष्पा’ स्टाइल में चल रही थी गांजा तस्करी ! कार के दरवाजों में छुपा था 29 किलो माल, पुलिस ने किया भंडाफोड़, उड़ीसा बॉर्डर पर घेराबंदी कर दबोचे आरोपी.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन रायगढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 29 किलो गांजा, गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दो मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपियों द्वारा फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर कार के दरवाजों और बैक लाइट में विशेष चेंबर बना कर गांजा छुपाया गया था, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके। इस कार्रवाई में कुल 17.65 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है तथा फरार सप्लायर एवं सरगना के विरुद्ध भी नामजद अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों पर पूर्ण अंकुश लगाने के उद्देश्य से “ऑपरेशन आघात” संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि पत्थलगांव क्षेत्र का एक व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ होते हुए अन्य राज्यों में सप्लाई करता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी श्री सिंह द्वारा थाना लैलूंगा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम को आरोपियों की धर-पकड़ के निर्देश दिए गए। दिनांक 01 मार्च 2026 को सूचना मिली कि दो व्यक्ति चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज कार क्रमांक CG-13-UG-9683 से उड़ीसा से गांजा लेकर पाकरगांव लैलूंगा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की गई। शाम करीब 6:00 बजे संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिस को देखकर वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़ कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

वाहन में सवार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद और महेन्द्र प्रसाद चौहान बताया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी से इंकार किया, लेकिन पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर वाहन की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कार के दरवाजों और बैक लाइट के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर से गांजा बरामद हुआ। आरोपी श्रवण कुमार निषाद के कब्जे से करीब 19.033 किलोग्राम गांजा तथा आरोपी महेन्द्र प्रसाद चौहान के कब्जे से करीब 10.082 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा गांजा परिवहन में प्रयुक्त मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर निवासी महेशपुर थाना पत्थलगांव जिला जशपुर द्वारा उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए प्रति 10 किलो गांजा पर 10,000/- रुपये देने का लालच दिया गया था। दोनों आरोपी उड़ीसा जाकर गांजा लाए और उसे कार में छुपा कर रामकुमार कुजूर तक पहुंचाने जा रहे थे। इस मामले में थाना लैलूंगा में आरोपी श्रवण कुमार निषाद, महेन्द्र प्रसाद चौहान और फरार आरोपी रामकुमार कुजूर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 20(B), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।

(1) श्रवण कुमार निषाद पिता भगवानु निषाद उम्र 34 वर्ष साकिन कमरगा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ (छ.ग.),

(2) महेन्द्र प्रसाद चौहान पिता श्रीधर चौहान उम्र 40 वर्ष साकिन गमेकेला थाना लैलूंगा जिला रायगढ़ (छ.ग.),

फरार आरोपी – (3) रामकुमार कुजुर निवासी महेशपुर थाना पत्थलगांव जिला जशपुर (छ.ग.)

(1) आरोपी श्रवण कुमार निषाद से 19.033 किलो ग्राम गांजा, 9 लाख 50 हजार रूपये,

(2) एक चाकलेट कलर मारूती सुजुकी रिट्ज कार कमांक सी.जी. 13 यू.जी. 9683 कीमत करीब 3 लाख रूपये,

(3) एक नग सैमसंग कंपनी का टच स्कीन मोबाईल कीमती करीब 10,000/- रूपये,

(4) आरोपी महेन्द्र प्रसाद चौहान से जप्त गांजा वजन 10.082 किलो ग्राम कीमत करीब 5 लाख रूपये,

(5) एक नग विवो कंपनी का टच स्कीन मोबाईल कीमत करीब 5,000/- रूपये.

Related posts