रायगढ़ में गौ-वंश संरक्षण पर सख्ती : ‘ऑपरेशन शंखनाद’ का वार — गौ-वंश तस्करों में मचा हड़कंप, एसएसपी का सख्त अल्टीमेटम ! अवैध परिवहन करते पकड़ा गया तस्कर.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में गौ-वंश संरक्षण हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत थाना लैलूंगा पुलिस ने एक बार फिर प्रभावी कार्रवाई करते हुए 10 गौ-वंश को अवैध तस्करी से मुक्त कराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कल दिनांक 02 मार्च 2026 को लैलूंगा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति लगभग 10 नग गौ-वंश को बिना चारा-पानी के मारते-पीटते हुए घरघोड़ा की ओर से छाम, रेगड़ी, कुंजारा मार्ग से उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा तत्काल नाकेबंदी की गई और मवेशी तस्कर की तलाश में जुट गये।

तभी पुलिस टीम को ग्राम कुंजारा के पास एक व्यक्ति 10 नग बैलों को मुख्य मार्ग पर हांकते हुए मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम श्याम सिदार (उम्र 44 वर्ष), निवासी थाना फरसाबहार जिला जशपुर (छ.ग.) बताया। परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर वह कोई कागजात पेश नहीं कर सका।

आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसके कब्जे से 10 गौ-वंश (कुल अनुमानित मूल्य 2,00,000/- रुपये) एवं एक लकड़ी का डंडा जब्त कर थाना लैलूंगा के अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी के कृत्य पर पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा विस्तारित कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

Related posts