फेक आईडी से देशभर में बिछाया साइबर जाल: बिलिंग-GST-रिफंड के नाम पर वसूली, स्कॉर्पियो और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स जब्त — पुलिस व साइबर सेल की जयपुर में बड़ी दबिश, दो साइबर ठग गिरफ्तार

थाना भाटापारा ग्रामीण एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा आरोपियों को जयपुर राजस्थान से किया गया गिरफ्तार

आरोपियों द्वारा फेक इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से फैलाया गया था साइबर ठगी का पूरा जाल

तरेंगा निवासी एक युवती से ₹6,25,239 का किया गया था साइबर ठगी

कम कीमत पर महिलाओं के कपडे खरीदने का लालच देते हुए महिलाओं को लिया जाता था अपने झांसे में

कैश ऑन डिलीवरी की सुविधा नहीं होना बताकर, क्यूआर कोड के माध्यम से पैसा डलवाया जाता था

संपर्क होने पर व्हाट्सएप नंबर से ऑनलाइन व्हाट्सएप चैटिंग करते हुए क्यूआर कोड के माध्यम से पैसा वसूला जाता था

बिलिंग चार्ज, जीएसटी चार्ज, डिलीवरी चार्ज, रिफंड चार्ज आदि का बहाना बनाकर ठगी करते हुए लिया जाता था पैसा

आरोपियों द्वारा महिलाओं को कम कीमत पर कपड़े, लहंगे, सूट आदि खरीदने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर किया जाता था साइबर ठगी

देश के 17 राज्यों में आरोपियों के विरुद्ध इसी पैटर्न से साइबर ठगी के कुल 181 मामले है पंजीबद्ध

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से साइबर ठगी में इस्तेमाल विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं एक स्कॉर्पियो वाहन किया गया जप्त

बलौदाबाज़ार : दिनांक 16.02.2026 को प्रार्थिया भुवनेश्वरी साहू निवासी ग्राम तरेंगा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि दिनांक 12.01.2026 को प्रार्थिया के मोबाइल इंस्टाग्राम आईडी में सस्ते दर में कपड़े खरीदी का एक ऐड आया, जिसे क्लिक करने पर एक मैसेज प्रदर्शित हुआ। उसके बाद प्रार्थिया द्वारा कपडों (कुर्ती) का कीमत पूछ कर क्यूआर कोड के जरिए ₹1600 पेमेंट किया गया। उसके बाद विभिन्न तरीकों से कम कीमत में कुर्ती खरीदने एवं रकम रिफंड करने का लालच एवं झांसा देते हुए आरोपियों द्वारा साइबर ठगी करते हुए प्रार्थिया से ₹6,25,239 जमा कराकर पैसा रिफंड नहीं कर धोखाधड़ी किया गया। कि रिपोर्ट पर थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्र. 83/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट का प्रकरण पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस टीम की जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी- प्रकरण में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा थाना भाटापारा ग्रामीण एवं साइबर सेल को इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले आरोपियों की पताशाजी कर उन्हें गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। उक्त निर्देशों के परिपालन में साइबर सेल की टेक्निकल टीम द्वारा प्रार्थिया से संपर्क करने वाले इंस्टाग्राम आईडी एवं रकम ट्रांसफर करने के लिए उपयोग किए गए क्यूआर कोड के संबंध में तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसमें आरोपियों के जयपुर राजस्थान में होने और यही से साइबर ठगी का पूरा रैकेट संचालित करने के संबंध में पता चला। आरोपियों के संबंध में इनपुट मिलते ही भाटापारा ग्रामीण एवं साइबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा जयपुर राजस्थान में दबिश देकर 02 आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा प्रार्थिया को सस्ते दर में कपडे उपलब्ध कराने का झांसा एवं लालच देते हुए फेक इंस्टाग्राम आईडी का उपयोग कर साइबर ठगी करना स्वीकार किया गया।

आरोपियों द्वारा साइबर ठगी वारदात का तरीका- आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम आईडी प्रमोशनल एडवर्टाइज के जरिए इंस्टाग्राम प्लेटफार्म के सभी यूजर्स को उक्त आईडी के माध्यम से कम कीमतों में कपडे खरीदने का ऑफर देते हैं। इसके बाद पेमेंट कैश आन डिलीवरी की सुविधा नहीं होना बताकर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसा डलवाया जाता है। तत्पश्चात बिलिंग चार्ज, जीएसटी चार्ज, डिलीवरी चार्ज, रिफंड चार्ज आदि के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए पैसा वसूला जाता है। आरोपियों द्वारा इंस्टाग्राम में महिलाओं के कपड़े, लहंगे, सूट आदि के लिए फर्जी आईडी बनाया जाता है तथा संपर्क होने पर व्हाट्सएप नंबर से ऑनलाइन व्हाट्सएप चैटिंग करते हुए लोगों को अपने झांसे में लिया जाता है। इस प्रकार आरोपियों द्वारा फेक इंस्टाग्राम आईडी के जरिए सस्ते दर में महिलाओं के कपड़े आदि उपलब्ध कराने का झांसा देते हुए लोगों से साइबर ठगी किया जाता है।

आरोपियों के संबंध में अन्य जानकारी- पुलिस टीम की अभी तक की जांच कार्यवाही में आरोपियों के विरुद्ध देश के 17 राज्यों में बिल्कुल इसी पैटर्न में साइबर ठगी करने के कुल 181 मामले सामने आए हैं। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से साइबर ठगी में इस्तेमाल विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स एवं एक स्कॉर्पियो वाहन जप्त किया गया है। प्रकरण में दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस टीम द्वारा साइबर ठगी के इस पूरे चैनल तथा इसमें शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में अभी भी जांच कार्रवाई जारी है। प्रकरण विवेचना में है।

आरोपियों के नाम

1. रामकिशोर मीणा उम्र 25 साल निवासी ग्राम गोकुलपुरा भूमिहवाली ढाणी तहसील बस्सी जयपुर राजस्थान

2. रविंदर मीणा उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम गोकुलपुरा तहसील बस्सी जिला जयपुर राजस्थान

Related posts