जशपुर के गोड़अम्बा में भीषण बस हादसा : 5 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 20 से अधिक घायल — कलेक्टर रोहित व्यास ने अस्पताल पहुंचकर लिया जायजा, बेहतर और त्वरित इलाज के दिए सख्त निर्देश

गोड़अम्बा में हुई बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का कुनकुरी के सीएचसी और होली क्रॉस हॉस्पिटल में इलाज जारी

कलेक्टर रोहित व्यास ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

3 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अंबिकापुर किया गया रेफर

जशपुर : दुलदुला के गोड़अम्बा में हुई बस दुर्घटना में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि इस दुखद हादसे में 5 यात्रियों की मृत्यु हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिया । घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी तथा होली क्रॉस हॉस्पिटल कुनकुरी में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार जारी है। वहीं गंभीर रूप से घायल 3 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

संबंधित समाचार : जशपुर हादसे के बाद संवेदनशील पहल: मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से की मुलाकात, पीड़ित परिवारों को दिया संबल

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना का प्रारंभिक कारण बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम अस्पताल पहुंची और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर एवं त्वरित उपचार के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने घायलों से बात कर उनका हाल चाल जाना और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने हेतु आश्वस्त भी किया। उपचार के लिए जशपुर जिला अस्पताल सहित अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से अतिरिक्त डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को कुनकुरी भेजा गया है, ताकि सभी घायलों का समुचित और शीघ्र उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

संबंधित समाचार : जशपुर बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सख्त: घायलों को हर संभव सहायता और त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश

Related posts