जशपुर वनमण्डल में विश्व वानिकी दिवस 2026 का आयोजन : वन और अर्थव्यवस्थाएँ विषय पर कार्यक्रम एवं रैली
जशपुर : जशपुर वनमण्डल के अंतर्गत पर्यावरण रोपणी बालाछापर में 21 मार्च 2026 को विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर विभिन्न परिक्षेत्रों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष का विषय था “वन और अर्थव्यवस्थाएँ”, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों, वन अमला और स्थानीय नागरिकों को वन संरक्षण, वनाग्नि रोकथाम और पौधों के प्रबंधन के महत्व से अवगत कराया गया। जशपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी इचकेला के विद्यार्थियों को वन की महत्ता, वनाग्नि रोकथाम के उपाय, नर्सरी में उपलब्ध पौधों की देख-रेख और उनका प्रबंधन पर विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से कार्यक्रम में भाग लिया और वन संरक्षण के महत्व को समझा। कार्यक्रम में उपवनमण्डलाधिकारी जशपुर, श्री करण सिंह, स.व.सं., वन परिक्षेत्राधिकारी जशपुर, श्री विवेक भगत, वनक्षेत्रपाल, वन अमला और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को वन संरक्षण के प्रति जागरूक किया और उनके उत्साह को बढ़ावा दिया। साथ ही, वन परिक्षेत्र सन्ना में भी विश्व वानिकी दिवस के उपलक्ष्य में वन संरक्षण हेतु रैली आयोजित की गई। इस रैली में स्थानीय नागरिकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया और जन-जन तक वनों के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा का संदेश पहुँचाया। उपवनमण्डल पत्थलगांव अंतर्गत बगीचा परिक्षेत्र में वन परिक्षेत्राधिकारी बगीचा, सुश्री यशस्वी मौर्य, प्रशिक्षु “भा.व.से.” की उपस्थिति में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बरगद और पीपल जैसे धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व के पौधों का रोपण किया गया, जिससे स्थानीय पर्यावरण और सामाजिक जागरूकता में योगदान मिलेगा। जशपुर वनमण्डल ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि वन केवल पर्यावरण का संरक्षण नहीं करते, बल्कि हमारी अर्थव्यवस्था और जीवन में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान है। नागरिकों से अपील की गई कि वे वन संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएँ और पर्यावरण सुरक्षा के लिए सतत प्रयास करें।
