जशपुर में खाद्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम: 891 फूड हैंडलर्स को मिला विशेष प्रशिक्षण, अब ‘फूड सेफ्टी सुपरवाइजर’ बनकर सुनिश्चित करेंगे स्वच्छ और सुरक्षित भोजन

जशपुर में 891 फूड हैंडलर्स को मिला प्रशिक्षण

सुरक्षित और स्वच्छ भोजन की दिशा में बड़ा कदम

प्रशिक्षण के माध्यम से खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति किया गया जागरूक

प्रतिभागियों को मिलेगा ‘फूड सेफ्टी सुपरवाइजर’ प्रमाणपत्र

जशपुर : खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला जशपुर द्वारा खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रमाणन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जो देशभर में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों को नियंत्रित करने वाली स्वायत्त वैधानिक संस्था है। जिला मुख्यालय स्थित महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुर में आयोजित इस निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 891 फूड हैंडलर्स ने भाग लिया। इनमें स्कूल शिक्षा विभाग के मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) से जुड़े समूह एवं रसोइये, महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यरत सहायिकाएं व रसोइये तथा आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के छात्रावासों में कार्यरत रसोइये शामिल रहे।

प्रशिक्षण के दौरान एफएसएसएआई द्वारा प्रशिक्षित ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुरूप स्वच्छता (हाइजीन), खाद्य गुणवत्ता, भंडारण, वितरण एवं सुरक्षित भोजन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात प्रतिभागियों को “फूड सेफ्टी सुपरवाइजर” का प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान औषधि निरीक्षक श्री योगेश परस्ते द्वारा सभी प्रतिभागियों को “नशा मुक्ति” के प्रति जागरूक करते हुए शपथ भी दिलाई गई, जिससे स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति समग्र दृष्टिकोण को बढ़ावा मिला। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि जिले में समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं स्वच्छ, सुरक्षित एवं मानक खाद्य प्रणाली विकसित करने का सतत प्रयास किया जा रहा है। यह पहल न केवल जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि एक सुदृढ़ एवं जिम्मेदार फूड इकोसिस्टम के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Related posts