वरिष्ठ खेल पत्रकार जसवंत क्लॉडियस का तीखा और दूरदर्शी विश्लेषण: गोंडवाना कप की गूंज से चमका छत्तीसगढ़, अब टेनिस के स्वर्णिम भविष्य के लिए स्टेडियम सौंपना बना समय की सबसे बड़ी मांग

टेनिस में अपार संभावना : स्टेडियम को सौंपे जाने की मांग

टेनिस : मध्य भारत के सबसे पुराने टूर्नामेंट गोंडवाना कप का हुआ समापन

आलेख .. जसवंत क्लॉडियस, वरिष्ठ खेल पार्टकर, रायपुर

रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के रजत जयंती के अवसर पर प्रदेश में खेल गतिविधियां ने जो रफ्तार पकड़ी है वह इस राज्य के खेल प्रेमियों के लिए बेहद सुखद संदेश है। पिछले लगभग एक माह की अवधि में शतरंज की राष्ट्रीय स्पर्धा फिर पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स और अब छत्तीसगढ़ ही नहीं मध्य भारत की सबसे प्रतिष्ठित और पुरानी टेनिस स्पर्धा गोंडवाना कप का सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई है। पिछले 25 वर्षों में जिस तरह छत्तीसगढ़ में खेलों की अधोसंरचना का निर्माण हुआ है उससे इस प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गर्व करना चाहिए कि अब इस राज्य की आने वाली पीढ़ी के लिए खेलकूद प्रतिभाओं को तराशना आसान होगा।

अगर हम सिर्फ टेनिस की बात करें तो राजधानी रायपुर में आज टेनिस खेल को अपनाने, अपना कैरियर बनाने के लिए जो कुछ चाहिए सब कुछ उपलब्ध है। पिछले दो वर्षों से रायपुर के जोरा में विशाल व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की टैनिस एकेडमी है। इसमें आधुनिक मानक के अनुरूप टेनिस कार्ट, कोच, खिलाडिय़ों के आवास व परिवहन की सुविधा उपलब्ध है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा करीब 16 करोड़ की लागत से निर्मित यह टेनिस खेल परिसर अब भारत के सर्वश्रेष्ठ टेनिस परिसर के रूप में माना जा रहा है। गोंडवाना कप की शुरुआत स्वतंत्रता के पूर्व 1937 में हुई थी वर्तमान में विजेता को दिया का रहा कप 1937 में छत्तीसगढ़ के शक्ति के तत्कालीन राजा राय बहादुर दाऊ कल्याण सिंह द्वारा दिया गया था।

कुछ वर्षों तक यह स्पर्धा बंद होने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री रमन सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया और छग टेनिस के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा तथा उनके सहयोगियों के प्रयास से फिर से प्रारंभ हुआ। गोंडवाना कप को आल इंडिया टेनिस एसोसिएशन द्वारा मान्यता दी गई है तथा इसमें भाग लेने वाले को अखिल भारतीय पुरुष व महिला वर्ग में योग्यता अंक प्रदान किया जाता है। 2026 के इस चैंपियनशिप में 20 राज्यों के करीब 129 खिलाडिय़ों ने भाग लिया, यह इस बात को प्रमाणित करने के लिए काफी है कि गोंडवाना कप की लोकप्रियता दिन दूनी और रात चौगुनी प्रगति कर रही है। स्पर्धा के विभिन्न वर्गों के परिणामों के अनुसार गोंडवाना कप 2026 के महिला युगल में उत्तरप्रदेश की. शताक्षी चौधरी तथा अनन्य जैन, पुरुष युगल वर्ग में महाराष्ट्र के नीरव शेट्टी और अनुप बंगारगी की जोड़ी सफल रही।

राजस्थान की आयुषी तनवान महिला वर्ग की विजेता रही जबकि तेलंगाना के नैशिक रेडी पुरुष वर्ग का खिताब जीतने में सफल रहे। समापन के अवसर पर उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव, आल इंडिया टेनिस एसोसिएशन के महासचिव अनिल घूपर, मनोरमा इंडस्ट्री के चेयरमैन आशीष सराफ , छत्तीसग्रढ़ टेनिस संघ के अध्यक्ष डॉ. हिमांशु द्विवेदी, उपाध्यक्ष नरेश गुप्ता के साथ महासचिव गुरु चरण सिंह होरा तथा उपाध्यक्ष रुपेन्द्र चौहान, आमंत्रित अतिथि गण उपस्थित रहे।

टेनिस की इस प्रतियोगिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ के उभरते हुए खिलाडिय़ों को दूसरे राज्य के साथ प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों से टेनिस की तकनीक, खेल की रणनीति को करीब से देखने, समझने का अवसर मिला, नवनिर्मित टेनिस के इस अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में आने वाले दिनों में वर्ल्ड टेनिस की पुरुष व महिला वर्ग की प्रतियोगिताए और डेविस कप जैसी प्रतिष्ठत टूर्नामेंट को आयोजित किए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। फिलहाल इस टेनिस परिसर को देख रेख की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ शासन के पास है लेकिन टेनिस से जुड़े वरिष्ठ खिलाडिय़ों, संघ के , पदाधिकारियों, खिलाडिय़ों के अभिभावकों आदि अब यह चाह रहे हैं कि भविष्य में छत्तीसगढ़ में टेनिस की अपार संभावना को देखते हुए इस टेनिस स्टेडियम को स्थानीय टेनिस संघ को नियमानुसार सौंप दिया जाए ताकि इसकी देखरेख और प्रशिक्षण की सुविधा को व्यवस्थित किया जा सके।

Related posts