शातिर आरोपी को बिहार से कोतवाली जांजगीर एवं सायबर टीम की सक्रियता से पकड़ने में मिली सफलता.
आरोपी द्वारा मोबाइल के माध्यम से सौदा करना एवं फोन पे से रकम लेने के बाद मोबाइल को बंद कर की गई ठगी.
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, बैंक खाता तथा अन्य दस्तावेज किया गया जप्त.
गिरफ्तार आरोपी – ओम प्रकाश शर्मा पिता दीप लाल शर्मा निवासी बिहार.
जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पॉल (रापुसे) के द्वारा आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के दिए गए थे निर्देश.
जांजगीर-चांपा : ऑनलाइन लेन-देन के बढ़ते दौर में धोखाधड़ी के मामले भी तेजी से सामने आ रहे हैं। जांजगीर-चांपा में चावल खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा। साइबर तकनीक और पुलिस की सक्रियता से आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया गया।
प्रकरण के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थी बांके बिहारी अग्रवाल प्रोपराइटर सुलोचना फूड निवासी जांजगीर ने दिनांक 12 मार्च 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि चावल ब्रोकर अंजनी अग्रवाल के जरिये आरोपी ओमप्रकाश शर्मा से मोबाइल से बात कर 900 क्विंटल चावल 2980/- रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बिक्री करने का सौदा कर ट्रक भाड़ा एवं खर्च के नाम पर अलग-अलग किस्तों में मोबाईल फोन पे और खाता में दिनांक कुल 1,70,000/- रूपये लिया गया तथा सौदा तय होने के उपरांत आरोपी के द्वारा प्रार्थी को माल का बिल भेजा व सौदा हुए चावल की गाडी नहीं भेजकर अपना मोबाइल को बंद कर आरोपी के द्वारा धोखाधड़ी कर छल करने पाये जाने से मोबाइल धारक के विरूद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में सायबर तकनीकी के माध्यम से पता चला कि आरोपी जिला अररिया बिहार का होना पाया जाने से आरोपी की धरपकड़ हेतु सीएसपी (CSP) कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में साइबर थाना से एक संयुक्त टीम बिहार के लिए रवाना किया गया। इस टीम के द्वारा मालद्वार जिला अररिया बिहार से आरोपी ओम प्रकाश शर्मा निवासी बिहार को पकड़ा गया, जिसको घटना के संबंध में पूछताछ करने पर प्रारंभिक तौर पर पुलिस टीम को गुमराह करता रहा परंतु बारिकी से पूछताछ करने पर प्रार्थी के साथ चावल खरीदी बिक्री के नाम पर 1,70,000/- रुपये रकम लेकर धोखाधड़ी करने का अपराध घटित करना जुर्म स्वीकार किया तथा स्वयं के मोबाइल से बात कर चावल ट्रेडिंग के नाम से रकम लेना बताया। धोखाधड़ी में उपयोग किए मोबाइल एवं बैंक खाता को आरोपी के कब्जे से जप्त किया जाकर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस प्रकरण की सम्पूर्ण कार्यवाही में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी कोतवाली, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, साइबर थाना से निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक माखन साहू का विशेष योगदान रहा।
