दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता द्वारा संरक्षा के सजग प्रहरियों को किया गया सम्मानित
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल में रेल परिचालन के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन हेतु संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। इसी दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता द्वारा प्रत्येक माह आयोजित संरक्षा बैठक में उन्हें सम्मानित किया जाता है।
इसी क्रम में दिनांक 21 अप्रैल 2026 को आयोजित संरक्षा बैठक के दौरान नागपुर मंडल के दो कर्मचारियों को उनके सराहनीय एवं उत्कृष्ट संरक्षा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री राजेश चिखले, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री चेमस साहू, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता/मोतिबाग श्री सुनील कुमार, सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी श्री रणजीत कुमार, सहायक परिचालन प्रबंधक श्री बलवंत कुमार बन्नाईत सहित अन्य शाखाधिकारी उपस्थित थे।
सम्मानित कर्मचारी एवं उनके कार्य विवरण इस प्रकार हैं:-
1. श्री लालन यादव, पॉइंट्समैन-ए / बिरसोला द्वारा दिनांक 28.02.2026 को गेट संख्या GJ-13 पर ड्यूटी के दौरान इन्होंने ट्रेन के एक वैगन (संख्या CR17296) के धुरे से असामान्य गर्मी एवं धुआँ निकलते हुए देखा। तत्परता दिखाते हुए उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचित किया, जिसके परिणामस्वरूप ट्रेन को बिरसोला स्टेशन पर रोककर C&W स्टाफ द्वारा जाँच की गई। जाँच में वैगन को असुरक्षित पाया गया, जिसे तुरंत ट्रेन से अलग कर दिया गया। इस सजगता से संभावित दुर्घटना को टाला जा सका।
2. श्री अमर दयाल राम, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता / डेमू शेड / गोंदिया द्वारा इन्होंने लंबे समय से खराब पड़ी CCTV प्रणाली के परीक्षण एवं गुणवत्ता सुधार हेतु एक टेस्ट बेंच का सफलतापूर्वक निर्माण किया। इस नवाचार के परिणामस्वरूप 1400 HP DEMU एवं 3-फेज MEMU रेक्स के शेड्यूल निरीक्षण एवं ट्रबलशूटिंग कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके, जिससे रेक्स की उपलब्धता एवं विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
मंडल रेल प्रबंधक श्री दीपक कुमार गुप्ता ने दोनों कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सजगता, नवाचार एवं कर्तव्यनिष्ठा ही सुरक्षित रेल परिचालन की आधारशिला है। उन्होंने अन्य कर्मचारियों से भी प्रेरणा लेते हुए संरक्षा के प्रति सतत जागरूक रहने का आह्वान किया।
