ट्रांसपोर्ट आफिस में घुसकर हमला, कर्मचारी से मारपीट और डेढ़ लाख की लूट की वारदात, एसएसपी के निर्देशन पर त्वरित कार्रवाई.
फरार साथियों की तलाश जारी, गिरफ्तार आरोपियों को भेजा गया रिमांड पर.
रायगढ़ : रायगढ़ के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड स्थित ट्रांसपोर्ट ऑफिस में मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ की गंभीर वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घटना में कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए आरोपियों ने लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी लूट ली और मोबाइल सहित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना जूटमिल क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड स्थित ट्रांसपोर्ट ऑफिस में मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ की घटना पर जूटमिल पुलिस ने त्वरित एवं सख्त कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर डकैती सहित गंभीर धाराओं में रिमांड पर भेजा है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन और एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, सीएसपी श्री मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन पर की गई इस कार्रवाई में वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।
प्रार्थी उपेंद्र सिंह (60 साल) निवासी कैदीमुड़ा ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल की शाम वह ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अपने कार्यालय जा रहे थे, तभी रास्ते में खड़ी कार को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। प्रार्थी बचने के लिए अपने आफिस की ओर भागा, जहां पीछा करते उनके आफिस पहुंचे और आरोपियों ने प्रार्थी के स्टॉफ के साथ भी मारपीट की, ऑफिस में घुसकर तोड़फोड़ की और कर्मचारी बृजनंदन सिंह से मोबाइल छीन लिया। आरोपियों ने केश काउंटर से हिसाब-किताब की डायरी और करीब 1.50 लाख रुपये नगद लूटकर वाहन से फरार हो गए।
थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत ने मामले में आरोपियों के विरूद्ध अपराध क्रमांक 143/26 धारा 296,351(3),115 (2), 324 (4), 310 (1) बी.एन.एस. (2023) कायम कर आहतों का उपचार कराया गया है। जिसके बाद जूटमिल पुलिस ने विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित करते हुए पांच आरोपियों — शिवा पटेल उर्फ विक्की, सुखसागर सारथी उर्फ सागर, मनोज सारथी, लोकेश्वर साहु और गणेश दास महंत उर्फ नानु — को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथियों टिकम और किशन महंत के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों के मेमोरेंडम पर लूटी रकम में शेष बचे 370/- रुपये बरामद किए गए। आरोपियों के अनुसार लूट की राशि भागते समय कुछ रूपये गिर जाना और अधिकांश रूपये आरोपियों ने खर्च कर दिया था।
आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की गंभीर धाराओं में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जूटमिल पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश – “लूट, हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं, ऐसे अपराधियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।”
गिरफ्तार आरोपी –
(01) शिवा पटेल उर्फ विक्की पिता नरेश पटेल उम्र 32 साल निवासी धनांगर पटेल मोहल्ला थाना कोतरारोड,
(02) सुखसागर सारथी उर्फ सागर पिता पालु राम सारथी उम्र 32 वर्ष सा. धनांगर वार्ड क 05 थाना कोतरारोड,
(03) मनोज सारथी पिता गणेश सारथी उम्र 35 साल सा. धनांगर गोड मोहल्ला थाना कोतरारोड,
(04) लोकेश्वर साहु पिता टीकाराम साहु उम्र 30 वर्ष सा. धनागर सडकपारा थाना कोतरारोड,
(05) गणेश दास महंत उर्फ नानु पिता शौकी दास महंत उम्र 40 वर्ष सा. धनांगर देवलाश पारा थाना कोतरारोड.
